73 हजार के पार हुआ सोना, चांदी ने भी क्रॉस किया 86 हजार का लेवल

punjabkesari.in Saturday, Apr 13, 2024 - 12:21 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उछाल से खरीदारों को झटका लगा है। बीते शुक्रवार कारोबार के दौरान मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना 1,050 रुपए के उछाल के साथ 73,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में सोने की कीमत 1,050 रुपए बढ़कर 73,350 रुपए प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। पिछले सत्र में यह 72,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं चांदी ने भी 86000 के लेवल को क्रॉस किया।

चांदी के भाव

चांदी की कीमतें भी आसमान पर हैं। शुक्रवार शाम MCX पर चांदी की कीमत 1,400 रुपए के उछाल के साथ 86,300 रुपए प्रति किलोग्राम की नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई। पिछले कुछ दिनों से सोने के साथ चांदी की कीमतें भी बढ़ती जा रही हैं। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार, कॉमेक्स में हाजिर सोना 2,388 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से 48 डॉलर अधिक है। बीते शुक्रवार को यूरोपीय कारोबारी दिन के शुरुआती घंटों में सोना नई सर्वकालिक ऊंचाई पर पहुंच गया। इसके अलावा चांदी भी तेजी के साथ 28.95 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गयी। पिछले सत्र में यह 28.05 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था।

क्यों महंगा हो रहा गोल्ड

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सोने की कीमतों के बढ़ने के पीछे कई वजहें हैं। इसकी एक वजह ये है कि कई देशों के सेंट्रल बैंक अपने रिजर्व में सोने का भंडार बढ़ा रहे हैं। इसमें भारत का रिजर्व बैंक और चीन का सेंट्रल बैंक शामिल हैं। पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना लगातार 17 महीने से सोने की खरीदारी कर रहा है। इसके अलावा अमेरिका में आने वाले समय में ब्याज दरों में गिरावट की आशंका से भी सोने में तेज़ी बनी हुई है।

क्या और बढ़ेंगे दाम

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक़ आने वाले दिनों में सोने में और तेजी देखने को मिल सकती है। सोना 75 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं चांदी की कीमतों में भी आने वाले समय में और तेजी देखने को मिल सकती है। सोने की कीमत बढ़ने से खरीदार परेशान हैं लेकिन वो सोने में निवेश को सुरक्षित भी मानते हैं। इसीलिए खरीदारी भी कर रहे हैं। शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में जिनके घर शादी है वो लोग भी खूब खरीदारी कर रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News