गिरावट से उबरा सोना, जानें आज के दाम

punjabkesari.in Thursday, Feb 16, 2017 - 03:09 PM (IST)

नई दिल्लीः अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रही तेजी के बीच स्थानीय स्तर पर खुदरा मांग बढ़ने से आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना दो दिन की गिरावट से उबरता हुआ 75 रुपए चमककर 29,700 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सिक्का निर्माताओं की मांग निकलने से चांदी भी 200 चढ़कर 43,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 2.33 डॉलर की तेजी के साथ 1,235.05 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। अप्रैल का अमरीकी सोना वायदा भी 3.6 डॉलर उछलकर 1,236.70 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

बाजार विश्लेषकों का कहना है कि अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर में आई गिरावट से सोने की कीमतों को बल मिला है। इसके अलावा वैवाहिक मांग के जोर पकड़ने से भी पीली धातु गिरावट से उबरी है। सोने की कीमतों में इससे पहले लगातार दो दिन गिरावट रही थी जबकि चांदी के दाम कल भी बढ़े थे। इस बीच लंदन में चांदी हाजिर 0.02 डॉलर की तेजी के साथ 17.96 डॉलर प्रति औंस बिकी।

घरेलू बाजार में जेवराती मांग आने से सोना स्टैंडर्ड 75 रुपए चमककर 29,700 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही बढ़त के साथ 29,550 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। गिन्नी 24,500 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रही।  औद्योगिक उठाव बढ़ने से चांदी हाजिर 200 रुपए चमककर 43,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा भी 200 रुपए की बढ़त के साथ 42,700 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बोली गई। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News