Gold Prices Shoot up Again: सोना हुआ बेकाबू! कीमतों में तेज उछाल, अब कितने हो गए दाम?

punjabkesari.in Saturday, Nov 01, 2025 - 11:35 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाला सोना 2,200 रुपए की छलांग के साथ 1,25,600 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को यह 1,23,400 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से थोक खरीदारों और आभूषण विक्रेताओं की नई खरीदारी से जुड़ी बताई जा रही है।

इसी तरह, 99.5% शुद्धता वाले सोने के भाव भी 2,200 रुपए बढ़कर 1,25,000 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गए, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,22,800 रुपए प्रति 10 ग्राम था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सुमिल गांधी ने बताया कि डॉलर के मुकाबले रुपए में कमजोरी और घरेलू मांग में तेजी की वजह से सोने के दामों में यह उछाल देखा गया।

चांदी की कीमत में गिरावट

वहीं, चांदी के दामों में गिरावट दर्ज की गई। चांदी की कीमत 2,000 रुपए घटकर 1,53,000 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई, जो गुरुवार को 1,55,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

गांधी के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की बैठक के सकारात्मक माहौल के बावजूद, दोनों देशों के बीच लंबे समय तक चलने वाली प्रतिस्पर्धा को लेकर बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। यही कारण है कि निवेशक सुरक्षित संपत्ति के रूप में सोने की ओर रुख कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 0.52% की गिरावट के साथ 4,003.49 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी में मामूली तेजी आई और यह 48.97 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। विश्लेषकों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव से सोने और चांदी दोनों की कीमतों पर असर पड़ा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News