2024 में 72,000 रुपए तक जा सकता है सोने का भाव

punjabkesari.in Saturday, Dec 30, 2023 - 04:44 PM (IST)

नई दिल्लीः साल 2023 में सोने ने करीब 15 प्रतिशत का एक अच्छा रिटर्न दिया है। साल 2024 में भी सोने से अच्छे रिटर्न की उम्मीद है। अमरीकी केंद्रीय बैंक फैडरल रिजर्व ने अपने सबसे आक्रामक ब्याज दर वृद्धि कार्यक्रम के समापन का संकेत दिया है। महंगाई में अच्छी-खासी गिरावट के संकेतों के साथ ही केंद्रीय बैंक द्वारा 2024 में 3 बार ब्याज दरों में कटौती करने की उम्मीद है। 

मार्च 2024 से संभावित दर कटौती पर बाजार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। यह बदलाव डॉलर इंडैक्स पर नीचे की ओर दबाव डाल सकता है। इससे अमरीकी बॉन्ड यील्ड में और गिरावट आएगी। जिससे सोने के लिए कुल मिलाकर माहौल मजबूत होगा। सोने की कीमत में लगातार बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। लेकिन रुक-रुककर गिरावट आने की भी आशंका है। कीमतों में गिरावट खरीदारों को आकर्षित कर सकती हैं। इससे कीमतें साल 2024 में करीब 72,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंच सकती हैं।

साल 2024 में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमत 2,060 डॉलर से 2,090 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंचने की संभावना है लेकिन अगर यह 2035 डॉलर के आसपास रहता है, तो किसी भी करैक्शन पर कीमतें 2,115 डॉलर के स्तर को भी पार कर सकती हैं। ये बात एम.के. वैल्थ मैनेजमैंट की एक रिपोर्ट में कही गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमरीकी दरों में वृद्धि के कारण उच्च वैश्विक मुद्रास्फीति के बावजूद सोने की कीमत में तेजी नहीं आई या इसे सीमित कर दिया।

पीली धातु पिछले 6 महीनों के निचले स्तर से उछलकर 2,000 डॉलर प्रति औंस से ऊपर के स्तर पर पहुंच गई है और वर्तमान में यह 2,050 डॉलर पर है। अन्य मुद्राओं के मुकाबले अमरीकी डॉलर के मूल्यह्रास और डॉलर सूचकांक में गिरावट के साथ उछाल संभव था कि अमरीकी ब्याज दरें और विशेष रूप से अमरीकी आधिकारिक दर नीति बहुत जल्द नरम हो सकती है।

2024 में कहां तक जाएगी चांदी

मजबूत औद्योगिक मांग से चांदी के प्रति निवेशकों का आकर्षण बना हुआ है। साल 2023 में वैश्विक स्तर पर चांदी 20 से 26 डॉलर प्रति औंस के दायरे में ट्रेड करती दिखी है। 26 डॉलर प्रति औंस या 78,500 रुपए प्रति किलो के स्तर से ऊपर जाने के बाद चांदी में 30 डॉलर प्रति औंस या 85,000-88,000 रुपए प्रति किलोग्राम के लिए एक स्ट्रांग मोमैंटम देखने को मिलेगा। चांदी का सपोर्ट लेवल 70,000 रुपए प्रति किलोग्राम है। इससे नीचे सपोर्ट 66,500 रुपए प्रति किलो पर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News