सोना 400 रुपए की साप्ताहिक बढ़त में रहा

punjabkesari.in Sunday, Aug 04, 2019 - 03:36 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली सर्राफा बाजार में बीते सप्ताह सोने में तेजी का रुख रहा और यह पहली बार 36 हजार रुपए प्रति दस ग्राम को पार कर गया। आखिरकार यह 400 रुपए की साप्ताहिक बढ़त में 36,170 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। चांदी भी सप्ताह के दौरान 100 रुपए चढ़कर सप्ताहांत पर 42,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। विदेशों में पीली धातु में रही तेजी का असर स्थानीय बाजार में देखने को मिला।

लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में सोना हाजिर वहां करीब डेढ़ फीसदी चढ़ गया। यह 22.70 डॉलर की साप्ताहिक बढ़त में शुक्रवार को 1,440.65 डॉलर प्रति औंस रहा। अक्टूबर का अमेरिकी सोना वायदा 20.90 डॉलर की मजबूती के साथ 1,446.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया। हालांकि, चांदी 0.23 डॉलर टूटकर 16.19 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

बाजार विश्लेषकों का कहना है कि सोना कुछ समय से 1,450 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ है। यदि डॉलर और टूटता है तो सोना 1,450 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर सकता है। अमेरिका में पिछले सप्ताह गैर-कृषि क्षेत्र के रोजगार के आंकड़े जारी किए गए जो कमजोर रहे हैं। इससे डॉलर पर दबाव बढ़ सकता है। यदि विदेशों में सोना 1,450 डॉलर प्रति औंस को पार करता है तो स्थानीय बाजार में भी पहले से आसमान छू रहे इसके दाम और बढ़ सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

jyoti choudhary

Recommended News

Related News