रिकॉर्ड बनाकर फिर लुढ़का सोना, इन कारणों से आई गिरावट
punjabkesari.in Friday, Feb 17, 2023 - 02:06 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः सोने की कीमतों में बेतहाशा तेजी के बाद फिर गिरावट शुरू हो गई है। इस महीने 24 कैरेट सोने की कीमत अब तक 2454 रुपए घटकर 56,343 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 2 फरवरी को सोना 58,882 रुपए प्रति 10 ग्राम था। यह सोने का उच्चतम स्तर था। इससे पहले जनवरी में सोने के दाम में तेजी दर्ज की गई थी। महज 15 दिन में करीब 2800 रुपए बढ़ गए थे। इसके बाद फरवरी शुरू होते ही गिरावट शुरू हुई, जो अब तक जारी है।
विश्लेषकों की मानना है कि सोने में गिरावट ज्यादा लंबे समय तक जारी रहने की संभावना नहीं है। आईआईएफएल के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) अनुज गुप्ता ने बताया कि कीमत 59,000 रुपए के स्तर पर पहुंचने के बाद घरेलू बाजार में सोने की मांग कम हो गई है। इस वजह से दाम घटने लगे हैं। इसके अलावा वैश्विक अर्थव्यवस्था, खास तौर पर अमेरिका को लेकर जोखिम भी कुछ कम हुआ है, जिसका असर सोने की कीमत पर नजर आ रहा है।
इन कारणों से आ रही गिरावट
- अमेरिका में मजबूत आर्थिक आंकड़ों के चलते रिस्क कम होना
- हालिया गिरावट के बाद डॉलर में एक बार फिर तेजी शुरू होना
- फेड ने संकेत दिया है कि वह ब्याज दरों में बढ़ोतरी जारी रखेगा
- दाम में अत्यधिक तेजी के बाद गिरावट का स्वाभाविक रुझान।