सोना 315 रुपए टूटा, चांदी 950 रुपए लुढ़की

punjabkesari.in Thursday, Dec 05, 2019 - 04:55 PM (IST)

नई दिल्लीः ऊंचे भाव पर ग्राहकी कमजोर पड़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 315 रुपए टूटकर 39,480 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। चांदी भी 950 रुपए की गिरावट में 45,450 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। स्थानीय बाजार में बुधवार को दोनों कीमती धातुओं के दाम एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए थे। इससे आज इनकी मांग कमजोर रही।

विदेशों में पीली धातु में रही गिरावट ने भी स्थानीय बाजार में सोने पर दबाव बनाया। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, वहां सोना हाजिर 0.80 डॉलर की गिरावट में 1,474.45 डॉलर प्रति औंस रह गया। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा भी 0.20 डॉलर फिसलकर 1,480 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध के संबंध में प्रस्तावित समझौते को लेकर विरोधाभासी संकेत मिल रहे हैं। इस कारण निवेशक असमंजस की स्थिति में हैं। अंतररष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर गत दिवस के 16.83 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Supreet Kaur

Recommended News

Related News