Sone Chandi ka Bhav: 1,557 रुपए महंगा हुआ सोना, चांदी भी ₹2,222 उछली, जानिए वजहें

punjabkesari.in Saturday, Apr 19, 2025 - 01:51 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः इस हफ्ते सोना और चांदी दोनों की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत में हफ्तेभर में ₹1,557 की बढ़ोतरी हुई है।

पिछले शुक्रवार (11 अप्रैल) को सोना ₹93,353 प्रति 10 ग्राम था, जो अब बढ़कर ₹94,910 प्रति 10 ग्राम हो गया है। यह सोने का अब तक का सर्वाधिक उच्चतम स्तर (ऑल टाइम हाई) है।

वहीं चांदी की बात करें तो इसमें भी ₹2,222 प्रति किलोग्राम की तेजी आई है। 11 अप्रैल को 1 किलो चांदी की कीमत ₹92,929 थी, जो 17 अप्रैल तक बढ़कर ₹95,151 प्रति किलो पहुंच गई। हालांकि, चांदी ने इससे पहले 28 मार्च को ₹1,00,934 प्रति किलो का ऑल टाइम हाई छू लिया था।

सोने-चांदी की इस तेजी के पीछे वैश्विक बाजार में अनिश्चितता, कमजोर डॉलर और मजबूत निवेश मांग को मुख्य कारण माना जा रहा है।

सोने की कीमतों में तेजी के 3 बड़े कारण

ट्रेड वॉर और ग्लोबल मंदी का खतरा बढ़ा

अमेरिका की टैरिफ नीति के चलते वैश्विक व्यापार तनाव (ट्रेड वॉर) गहराने लगा है। इसका असर वैश्विक आर्थिक विकास पर पड़ सकता है। मंदी की आशंका के चलते निवेशक सुरक्षित विकल्प की ओर रुख कर रहे हैं और सोना ऐसे समय में सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है।

कमजोर रुपया बढ़ा रहा इम्पोर्ट की लागत

डॉलर के मुकाबले रुपए में लगभग 4% की गिरावट आई है। जब रुपया कमजोर होता है, तो सोने का आयात महंगा हो जाता है। इससे घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में और उछाल आ जाता है।

शादी का सीजन और गहनों की मांग में तेजी

आने वाले महीनों में शादी का मौसम शुरू होने वाला है। इससे सोने के आभूषणों की मांग बढ़ रही है। मुंबई, दिल्ली और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में ज्वेलर्स का कहना है कि ऊंची कीमतों के बावजूद लोग सोने की खरीदारी कर रहे हैं, क्योंकि इसे निवेश और शुभता का प्रतीक माना जाता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News