साल के पहले हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 1.3 अरब डॉलर घटा, स्वर्ण भंडार में इजाफा

punjabkesari.in Saturday, Jan 14, 2023 - 12:09 PM (IST)

मुंबईः देश का विदेशी मुद्रा भंडार छह जनवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान 1.268 अरब डॉलर घटकर 561.583 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पिछले सप्ताह देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 4.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 562.851 अरब डॉलर हो गया था। इससे पहले, लगातार दो सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई थी। 

गौरतलब है कि अक्टूबर, 2021 में विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था। वैश्विक घटनाक्रमों के बीच केंद्रीय बैंक के रुपए की विनियम दर में तेज गिरावट को रोकने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग करने की वजह से बाद में इसमें गिरावट आई थी। केंद्रीय बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार कुल मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा माने जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) छह जनवरी को समाप्त सप्ताह में 1.747 अरब डॉलर घटकर 496.441 अरब डॉलर रह गईं। 

डॉलर में अभिव्यक्त किए जाने वाले विदेशीमुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है। इसके अलावा स्वर्ण भंडार का मूल्य आलोच्य सप्ताह में 46.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 41.784 अरब डॉलर हो गया। आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 3.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.217 अरब डॉलर हो गया। समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में रखा देश का मुद्रा भंडार भी 1.8 करोड़ डॉलर घटकर 5.141 अरब डॉलर रह गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News