Elon Musk फिर बने ट्रिलियनेयर, एक दिन में बढ़ी 5.7 लाख करोड़ रुपए दौलत

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 12:15 PM (IST)

नई दिल्लीः दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शामिल एलन मस्क की नेटवर्थ एक बार फिर 1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गई है। टेस्ला और SpaceX के शेयरों में आई तेजी का सीधा असर उनकी संपत्ति पर पड़ा। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के मुताबिक, सोमवार को मस्क की नेटवर्थ करीब 65 अरब डॉलर बढ़कर 1.04 ट्रिलियन डॉलर हो गई।

भारतीय मुद्रा में देखें तो मस्क की कुल संपत्ति करीब 92 लाख करोड़ रुपए बैठती है यानी महज एक दिन में उनकी संपत्ति में करीब 5.7 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हुआ।

SpaceX और Tesla की तेजी से बढ़ी संपत्ति

मस्क की नेटवर्थ का बड़ा हिस्सा उनकी कंपनियों में हिस्सेदारी से जुड़ा हुआ है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, टेस्ला और स्पेसएक्स में उनकी हिस्सेदारी उनकी कुल संपत्ति के 98 फीसदी से ज्यादा है। यही वजह है कि इन कंपनियों के शेयरों में तेजी आने पर मस्क की नेटवर्थ भी तेजी से बढ़ती है।

अक्टूबर की शुरुआत से स्पेसएक्स के शेयर करीब 13 फीसदी, जबकि टेस्ला के शेयर लगभग 6.7 फीसदी चढ़ चुके हैं। इसी तेजी ने मस्क की संपत्ति को फिर से 1 ट्रिलियन डॉलर के स्तर के पार पहुंचा दिया।

करीब तीन महीने बाद ट्रिलियनेयर क्लब में वापसी

एलन मस्क इससे पहले जून में पहली बार 1 ट्रिलियन डॉलर की नेटवर्थ के आंकड़े तक पहुंचे थे। हालांकि, बाद में SpaceX के शेयरों में गिरावट के कारण उनकी संपत्ति भी कम हो गई थी।

अब करीब तीन महीने बाद मस्क ने एक बार फिर 1 ट्रिलियन डॉलर की नेटवर्थ का आंकड़ा पार किया है। इस तरह उनकी संपत्ति में तेजी के साथ-साथ ट्रिलियनेयर क्लब में उनकी वापसी भी चर्चा में है।

SpaceX की तेजी बनी बड़ा कारण

मस्क की संपत्ति में इस उछाल के पीछे SpaceX की तेजी का अहम योगदान रहा है। अक्टूबर की शुरुआत से कंपनी के शेयर करीब 13 फीसदी ऊपर हैं। वहीं अगस्त के निचले स्तर से SpaceX के शेयरों में करीब 58 फीसदी की रिकवरी देखने को मिली है।

Morgan Stanley के विश्लेषकों ने भी SpaceX को स्पेस और इंटेलिजेंस सेक्टर में निवेश के लिहाज से आकर्षक बताया है। इससे कंपनी को लेकर निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।

Tesla की बिक्री ने भी दिया सहारा

Tesla के शेयरों में तेजी ने भी मस्क की नेटवर्थ बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कंपनी ने हाल ही में अपनी तीसरी तिमाही की बिक्री के आंकड़े जारी किए, जो बाजार की उम्मीदों से बेहतर रहे। इसके बाद Tesla के शेयरों में तेजी देखने को मिली। अक्टूबर की शुरुआत से Tesla के शेयर करीब 6.7 फीसदी चढ़ चुके हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News