एलन मस्क की दौलत में एक दिन में $21 अरब की गिरावट, SpaceX के शेयरों में गिरावट से घटी नेटवर्थ

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 01:09 PM (IST)

नई दिल्लीः दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की नेटवर्थ में बुधवार को एक दिन में $21 बिलियन (करीब ₹1.75 लाख करोड़) से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। उनकी संपत्ति में इस तेज गिरावट की मुख्य वजह SpaceX के शेयरों में आई कमजोरी बताई जा रही है। कंपनी द्वारा Nvidia के AI चिप्स खरीदने और AI इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करने के लिए करीब $40 बिलियन की नई फाइनेंसिंग जुटाने की खबरों के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ी है।

$1.03 ट्रिलियन पर पहुंची मस्क की नेटवर्थ

फोर्ब्स की रियल-टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, बुधवार सुबह मस्क की कुल संपत्ति घटकर करीब $1.03 ट्रिलियन रह गई। यह एक दिन में लगभग 2.04% की गिरावट है।

SpaceX के शेयर करीब 2% गिरकर $168.86 के आसपास कारोबार कर रहे थे, जबकि Tesla के शेयरों में भी लगभग 1.5% की गिरावट दर्ज की गई। मस्क की SpaceX में ऑप्शंस समेत करीब 38% हिस्सेदारी है, इसलिए कंपनी के शेयरों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर उनकी नेटवर्थ पर पड़ता है।

$40 अरब की फाइनेंसिंग से बढ़ी चिंता

SpaceX AI इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए Nvidia के AI चिप्स खरीदने की योजना बना रही है। रिपोर्टों के अनुसार, प्रस्तावित $40 बिलियन की फाइनेंसिंग में करीब $10 बिलियन का बैंक लोन और $30 बिलियन का इन्वेस्टमेंट-ग्रेड डेट शामिल हो सकता है।

Bloomberg के मुताबिक, यह सौदा 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है, हालांकि बातचीत अभी शुरुआती चरण में है।

गिरावट के बाद भी मस्क सबसे अमीर

नेटवर्थ में $21 बिलियन से अधिक की गिरावट के बावजूद मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं और उनकी संपत्ति $1 ट्रिलियन से ऊपर है। SpaceX और Tesla के शेयरों में हालिया उतार-चढ़ाव के कारण उनकी संपत्ति में लगातार तेज बदलाव देखने को मिल रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News