TCS का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 15% बढ़कर 13,884 करोड़ रुपए

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 06:10 PM (IST)

मुंबईः देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही का शुद्ध लाभ 15 प्रतिशत बढ़कर 13,884 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है। टाटा संस के लिए राजस्व का सबसे बड़ा स्रोत टीसीएस ने एक साल पहले की समान अवधि (जुलाई-सितंबर) में 12,075 करोड़ रुपए और अप्रैल-जून तिमाही में 13,349 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

आईटी सेवा कंपनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि जुलाई-सितंबर अवधि में उसकी परिचालन आय 11.22 प्रतिशत बढ़कर 73,188 करोड़ रुपए हो गई जो एक साल पहले की समान अवधि में 65,799 करोड़ रुपए थी। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का राजस्व 72,275 करोड़ रुपए रहा था। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के. कृतिवासन ने कहा कि वृद्धि व्यापक आधार वाली रही और इसके दायरे में कंपनी के सभी अंतरराष्ट्रीय बाजार तथा उद्योग क्षेत्र आए। 

कंपनी की मुख्य परिचालन अधिकारी आरती सुब्रमण्यम ने बताया कि कृत्रिम मेधा से भारतीय आईटी सेवा क्षेत्र के लंबे समय से जारी कारोबारी मॉडल के प्रभावित होने की आशंका के बीच, इससे होने वाला वार्षिक राजस्व जुलाई-सितंबर तिमाही में बढ़कर तीन अरब डॉलर हो गया जो अप्रैल-जून में 2.6 अरब डॉलर था। नए सौदों पर हस्ताक्षर के लिहाज से कंपनी ने जुलाई-सितंबर अवधि में कुल 9.6 अरब डॉलर के अनुबंध मूल्य की जानकारी दी, जो इससे पिछली तिमाही के 9.5 अरब डॉलर से मामूली अधिक है। टीसीएस ने पिछले तीन महीनों में शुद्ध आधार पर 4,258 कर्मचारियों को जोड़ा। इसके साथ 30 सितंबर तक कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 5,98,056 हो गई। 

आईटी सेवा कारोबार में कर्मचारियों के कंपनी छोड़ने की दर 13.3 प्रतिशत रही। लाभप्रदता के मोर्चे पर कंपनी का कर-पूर्व मार्जिन जून तिमाही के मुकाबले 24 प्रतिशत पर स्थिर रहा। ऊर्जा, संसाधन एवं उपयोगिता कारोबार का राजस्व स्थिर मुद्रा के आधार पर सालाना 5.7 प्रतिशत बढ़ा, जिससे यह सभी क्षेत्रों में सबसे तेजी से बढ़ने वाला खंड रहा। उपभोक्ता कारोबार में एक प्रतिशत की गिरावट आई। कंपनी के सबसे बड़े बाजार उत्तरी अमेरिका में स्थिर मुद्रा आधार पर राजस्व 1.5 प्रतिशत बढ़ा, जबकि भारत छह प्रतिशत की वृद्धि के साथ सबसे तेजी से बढ़ने वाला क्षेत्र रहा। कंपनी के निदेशक मंडल ने 12 रुपये प्रति शेयर लाभांश की सिफारिश की है। इसके लिए रिकॉर्ड तारीख 14 अक्टूबर तय की गई है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News