Bitcoin vs Gold: बिटकॉइन की तुलना सोने से करना गलत, Ray Dalio ने बताई बड़ी वजह
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 11:36 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः जाने-माने निवेशक और Ray Dalio ने कहा है कि Bitcoin की तुलना Gold से नहीं की जानी चाहिए। उनका मानना है कि बिटकॉइन को सेंट्रल बैंकों का समर्थन नहीं मिलता, इसमें पूरी प्राइवेसी नहीं है और भविष्य में क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी तकनीकों से इसे खतरा हो सकता है। उन्होंने ये बातें एक पॉडकास्ट में कही।
हालांकि दिलचस्प बात यह रही कि जिस दिन डालियो ने यह टिप्पणी की, उस दिन बाजार में सोने की कीमत करीब 3% गिर गई, जबकि बिटकॉइन में 1% से भी कम गिरावट देखने को मिली। हाल के दिनों में अमेरिका-ईरान तनाव के बीच दोनों एसेट्स ने पारंपरिक ‘सेफ हेवन’ की तरह व्यवहार नहीं किया और इनमें उतार-चढ़ाव बना रहा।
सोने को बताया मजबूत एसेट
डालियो ने कहा कि सोना एक अनोखा एसेट है और दुनिया में सबसे ज्यादा जमा किया जाने वाला धन है। उनके मुताबिक सेंट्रल बैंकों के पास रखी जाने वाली यह दूसरी सबसे बड़ी रिजर्व एसेट भी है। इसी वजह से इसकी तुलना बिटकॉइन से करना सही नहीं माना जा सकता।
बिटकॉइन पर उठाए कई सवाल
ब्रिजवाटर एसोसिएट्स के संस्थापक डालियो ने पॉडकास्ट में कहा कि निवेशकों को बिटकॉइन और सोने की तुलना करना बंद कर देना चाहिए। उनका तर्क है कि बिटकॉइन को सेंट्रल बैंकों का समर्थन नहीं है, इसकी ट्रांजैक्शन पूरी तरह पब्लिक लेजर पर दर्ज होती हैं और भविष्य में क्वांटम कंप्यूटिंग इसके लिए बड़ा जोखिम बन सकती है।
दोनों एसेट्स की अलग-अलग चाल
बाजार में बिटकॉइन और सोने की चाल भी अलग-अलग रही है। जुलाई से अक्टूबर की शुरुआत तक दोनों एसेट्स लगभग एक ही दिशा में बढ़े थे लेकिन अक्टूबर में बड़े क्रिप्टो क्रैश के बाद स्थिति बदल गई। उस समय लगभग 20 अरब डॉलर की लीवरेज्ड पोजीशन खत्म हो गई थीं। इसके बाद से दोनों की दिशा अलग हो गई। बिटकॉइन अपने अक्टूबर के उच्च स्तर से 45% से अधिक नीचे है, जबकि इसी दौरान सोना करीब 30% बढ़कर 5,100 डॉलर के ऊपर पहुंच गया।
ईरान तनाव के दौरान भी उतार-चढ़ाव
मध्य पूर्व में तनाव के बीच भी दोनों एसेट्स ने अलग-अलग प्रतिक्रिया दी। शुरुआती दौर में सोने में तेजी आई, लेकिन बाद में तेल आपूर्ति की चिंताओं के बीच इसमें गिरावट आ गई। वहीं बिटकॉइन पहले गिरा, फिर ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद उछल गया और बाद में 70,000 डॉलर के आसपास रुक गया।
फिर भी पोर्टफोलियो में बिटकॉइन
हालांकि आलोचना के बावजूद डालियो पूरी तरह से बिटकॉइन के खिलाफ नहीं हैं। वह अपने पोर्टफोलियो का लगभग 1% बिटकॉइन में रखते हैं। इससे पहले वह निवेशकों को बिटकॉइन या सोने में कुल मिलाकर करीब 15% एलोकेशन रखने की सलाह भी दे चुके हैं।
डालियो का मानना है कि वैश्विक आर्थिक व्यवस्था बदल रही है। उन्होंने हाल ही में चेतावनी दी थी कि अमेरिका के नेतृत्व वाला विश्व व्यवस्था कमजोर पड़ रही है। ऐसे में निवेशकों को यह दोबारा सोचना चाहिए कि भविष्य में अपनी संपत्ति को सुरक्षित कैसे रखा जाए।
