Digital Gold निवेशकों के लिए बड़ी खबर, सरकार ला सकती है नए नियम

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 06:06 PM (IST)

Digital Gold: अगर आप फोन के जरिए 10, 100 रुपए या उससे अधिक का डिजिटल गोल्ड खरीदते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। आने वाले समय में आपका निवेश पहले से ज्यादा सुरक्षित हो सकता है। केंद्र सरकार डिजिटल गोल्ड सेक्टर के लिए नया रेगुलेटरी फ्रेमवर्क लागू कर सकती है। इसका सीधा फायदा उन करोड़ों लोगों को मिलेगा जो मोबाइल ऐप के जरिए सोने में निवेश कर रहे हैं। इसका उद्देश्य निवेशकों के हितों की रक्षा करना और डिजिटल गोल्ड कारोबार में पारदर्शिता बढ़ाना है।

निवेशकों की सुरक्षा पर सरकार का फोकस

डिजिटल प्रेशियस मेटल्स एश्योरेंस काउंसिल ऑफ इंडिया (DPMACI) ने पिछले एक महीने में वित्त मंत्रालय, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के साथ कई दौर की बैठकें की हैं। इन चर्चाओं का मकसद डिजिटल गोल्ड कारोबार के लिए ऐसा नियामकीय ढांचा तैयार करना है, जिससे फर्जी या अविश्वसनीय प्लेटफॉर्म पर रोक लगे और निवेशकों के साथ धोखाधड़ी की आशंका कम हो।

DPMACI की चेयरपर्सन निरुपमा सुंदरराजन के अनुसार, भारत में डिजिटल गोल्ड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि अगले वर्ष तक इस क्षेत्र के लिए औपचारिक नियम लागू हो सकते हैं।

DPMACI में कौन-कौन शामिल है?

करीब तीन महीने पहले डिजिटल गोल्ड सेक्टर में पारदर्शिता और भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से DPMACI का गठन किया गया था। इसमें SafeGold, MMTC-PAMP, Augmont के साथ-साथ PhonePe और Gullak जैसे प्रमुख फिनटेक प्लेटफॉर्म शामिल हैं। संस्था का उद्देश्य उद्योग के लिए बेहतर मानक तैयार करना और निवेशकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

डिजिटल गोल्ड की बढ़ती लोकप्रियता

DPMACI के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगभग 10 टन सोने की खरीदारी हुई। इससे साफ है कि अब बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक सोना खरीदने के बजाय डिजिटल माध्यम से निवेश को प्राथमिकता दे रहे हैं।

उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि तुर्की, इंडोनेशिया, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और चीन जैसे देशों में डिजिटल गोल्ड के लिए मजबूत नियामकीय व्यवस्था पहले से मौजूद है। भारत भी इन मॉडलों का अध्ययन कर सुरक्षित और विश्वसनीय ढांचा तैयार करने की दिशा में काम कर सकता है।

क्या है डिजिटल गोल्ड?

डिजिटल गोल्ड एक ऐसा निवेश विकल्प है, जिसमें कोई भी व्यक्ति मोबाइल ऐप या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए 10 रुपये या 100 रुपये जैसी छोटी रकम से भी 24 कैरेट सोना खरीद सकता है। कंपनियों के अनुसार खरीदी गई मात्रा के बराबर वास्तविक सोना सुरक्षित वॉल्ट में रखा जाता है। निवेशक जरूरत पड़ने पर इसे ऑनलाइन बेच सकते हैं या भौतिक सोने की डिलीवरी भी ले सकते हैं।

फिलहाल इस क्षेत्र के लिए कोई व्यापक सरकारी नियामकीय व्यवस्था नहीं है। ऐसे में नए नियम लागू होने के बाद डिजिटल गोल्ड बाजार में पारदर्शिता बढ़ने और निवेशकों का भरोसा मजबूत होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News