Gold rate crash warning: Gold price को लेकर WGC की रिपोर्ट, 37% तक टूट सकता है सोना
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 05:33 PM (IST)
Gold Market Outlook:अगर आप गोल्ड खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये WGC की ये रिपोर्ट आपको राहत दे सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आने वाले समय में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (World Gold Council) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, यदि ग्लोबल मार्केट में सोना 3,857 डॉलर प्रति औंस के प्रमुख सपोर्ट स्तर से नीचे फिसलता है, तो इसकी अगली महत्वपूर्ण तकनीकी सपोर्ट सीमा 3,500 डॉलर प्रति औंस हो सकती है। यह स्तर जनवरी में बने हाई लेवल से करीब 37 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि यह गिरावट आती है, तो यह सोने के पिछले बड़े करेक्शन के समान होगी और इसी स्तर पर बाजार को मजबूत आधार मिलने की संभावना रहेगी।
मजबूत येन दे सकता है सोने को सहारा
रिपोर्ट के मुताबिक, जापानी येन में आई मजबूती सोने की कीमतों को कुछ राहत दे सकती है। अमेरिका और जापान द्वारा मुद्रा बाजार में किए गए संयुक्त हस्तक्षेप के बाद येन मजबूत हुआ है। यदि येन मजबूत और अमेरिकी डॉलर कमजोर बना रहता है, तो इसका सकारात्मक असर सोने की कीमतों पर पड़ सकता है।
क्यों दबाव में है सोना?
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को स्थिर रखने के फैसले और भविष्य में सख्त मौद्रिक नीति की संभावनाओं ने सोने पर दबाव बढ़ाया है। इसके अलावा, अमेरिका-ईरान तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव ने भी महंगाई और निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया है।
इसी दौरान गोल्ड ETF में निवेश की रफ्तार धीमी हुई है और COMEX में निवेशकों की नेट लॉन्ग पोजिशन भी घटी है। हालांकि, ऑप्शन ट्रेडर्स ने कुछ मंदी वाले दांव कम किए हैं, जिससे बाजार में सीमित राहत देखने को मिली।
आगे किन स्तरों पर रहेगी नजर?
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल का कहना है कि सोना फिलहाल सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है लेकिन मार्च की शुरुआत से बने डाउनट्रेंड से अभी बाहर नहीं निकल पाया है। यदि कीमत 3,943 डॉलर प्रति औंस से नीचे जाती है, तो अगला अहम तकनीकी सपोर्ट 3,857–3,887 डॉलर प्रति औंस के बीच माना जा रहा है।
