GST के बाद भी इस कैंटीन में मिलेगा सस्ता सामान

punjabkesari.in Monday, Jun 05, 2017 - 02:52 PM (IST)

नई दिल्लीः जी.एस.टी. लागू होने के बाद सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों और अधिकारियों को सी.एस.डी. कैंटीन के माध्यम से मिल रही सस्ते सामान की सुविधा मिलती रहेगी। जी.एस.टी. काउंसिल ने सी.एस.डी. कैंटीन से मिलने वाले सामान पर जी.एस.टी. में 50 फीसदी की छूट देने का फैसला किया है।

आधी दरों पर खरीद सकेंगे सामान
सी.एस.डी. कैंटीन से खरीदे सामान पर जी.एस.टी. की 2.5 फीसदी, 6 फीसदी, 9 फीसदी और 14 फीसदी दर ही लागू होंगी। सी.एस.डी. कैंटीन से खरीदे गए अगर किसी सामान पर सेस लगता है तो इसमें छूट का लाभ जवानों को नहीं मिलेगा। बता दें कि  जी.एस.टी. की सामान्य दरें 5 फीसदी, 12 फीसदी, 18 फीसदी और 28 फीसदी हैं। लेकिन सी.एस.डी. कैंटीन के लिए ये दरें आधी ही रखी गई हैं। फिलहाल सी.एस.डी.  कैंटीन में आने वाले सामान पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कोई छूट नहीं मिलती है। वैसे राज्यों ने वैट में छूट दे रखी है। इस तरह जी.एस.टी. लागू होने के बाद सी.एस.डी. कैंटीन से खरीदे गए सामान पर जी.एस.टी. की आधी दरें ही लागू होंगी और इस छूट के चलते जो भी वित्तीय बोझ आएगा उसे केंद्र व राज्य मिलकर वहन करेंगे।

भारत में हैं 34 डिपो 
गौरतलब है कि कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (सी.एस.डी.) के देशभर में 34 डिपो हैं। वर्ष 2015-16 के दौरान सी.एस.डी. कैंटीन से 15,828 करोड़ रुपए की बिक्री हुई जिसमें एक बड़ा हिस्सा शराब की बिक्री का शामिल है। वर्ष 2015-16 में सी.एस.डी. कैंटीन से शराब के अलावा जो उत्पाद बेचे गए, उन पर 1376 करोड़ रुपए की वैट छूट दी गई। वित्त मंत्रलय का कहना है कि सी.एस.डी. कैंटीन को यह छूट की सुविधा देने के लिए केंद्रीय जी.एस.टी. कानून तथा राज्य जी.एस.टी. कानून की धारा 55 के तहत एक अधिसूचना जारी करनी होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News