शेयर बाजार में कोहराम, निवेशकों के डूबे 3.21 लाख करोड़

punjabkesari.in Monday, Mar 11, 2024 - 05:01 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारतीय शेयर बाजार में आज 11 मार्च को चौतरफा गिरावट देखी गई। सेंसेक्स जहां 600 अंकों से ज्यादा टूट गया। वहीं निफ्टी गिरकर 22,350 के नीचे आ गया। स्मॉलकैप शेयरों में तो तबाही का आलम रहा। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा लुढ़कर बंद हुआ। इसके चलते शेयर बाजार में आज निवेशकों के करीब 3.21 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ। फार्मा को छोड़कर बीएसई के सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए। रियल्टी, बैंकिंग, मेटल, टेलीकम्युनिकेशंस और कमोडिटी शेयरों के इंडेक्स 1% से अधिक गिरकर बंद हुए।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 616.75 अंक या 0.83% टूटकर 74,119.39 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 160.90 अंक या 0.72% की गिरावट के साथ 22,332.65 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों के ₹3.21 लाख करोड़ डूबे

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 11 मार्च को घटकर 389.60 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गए, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार 7 मार्च को 392.81 लाख करोड़ रुपए था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.21 लाख करोड़ रुपए घटा है या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की वेल्थ में करीब 3.21 लाख करोड़ रुपए की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर

बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 8 शेयर आज तेजी के साथ बंद हुए। इसमें भी नेस्ले इंडिया के शेयरों में सबसे अधिक 1.85% की तेजी रही। इसके बाद बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही और ये 0.24% से लेकर 0.83 फीसदी तक की तेजी के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर

वहीं सेंसेक्स के बाकी 22 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी पावर ग्रिड का शेयर 2.53 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाटा स्टील, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इंडसइंड बैंक और एनटीपीसी के शेयर 1.42% से लेकर 2.38 फीसदी की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

SBI निवेशकों को भारी नुकसान 

सुप्रीम कोर्ट ने आज भरतीय स्टेट बैंक (SBI) को इलेक्टोरल बॉन्ड मामले में कोई राहत नहीं दी। उल्टा फटकार लगाते हुए उसे 12 मार्च की शाम तक ही इलेक्टोरल बॉन्ड की सारी जानकारी सार्वजनिक करने को कहा है। एक तरफ जब देश की सबसे बड़ी अदालत देश के सबसे बड़े बैंक की इस तरह क्लास लगा रही थी, वहीं दूसरी तरफ एसबीआई के निवेशकों का पैसा लगातार डूब रहा था। तभी तो 6 घंटे में उन्हें 13,075 करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है।

एसबीआई के शेयर प्राइस में आज तगड़ी गिरावट देखी गई। इसकी शुरुआत 788.65 रुपए के प्राइस पर हुई लेकिन ये टूटकर 770.70 रुपए तक पहुंच गया। कारोबार समाप्ति पर इसका शेयर प्राइस 773.50 रुपए पर बंद हुआ। इस तरह इसके मार्केट कैपिटलाइजेशन में एक दिन में 13,075 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। गुरुवार को जब आखिरी बार बाजार में ट्रेडिंग हुई थी, तब एसबीआई का मार्केट कैप 7,03,393.28 करोड़ रुपए था। सोमवार को मार्केट बंद होने तक 6,90,318.73 करोड़ रुपए पहुंच गया। इस तरह एसबीआई के निवेशकों के 13,075 करोड़ रुपए साफ हो गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News