GST से व्यापार करना और आसान होगा: यूरोपीय संघ

punjabkesari.in Saturday, Oct 07, 2017 - 10:28 AM (IST)

नई दिल्लीः यूरोपीय संघ (ईयू) ने भारत की नई अप्रत्यक्ष कर प्रणाली माल व सेवा कर (जी.एस.टी.) का समर्थन करते हुए कहा कि इससे देश में व्यापार सुगमता बढ़ेगी। भारत यात्रा पर आए यूरोपीय संघ नेताओं ने आर्थिक व सामाजिक विकास को बढ़ावा देने के भारत के प्रयासों का स्वागत किया है और मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया तथा स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों में भागीदारी में रुचि दिखाई है।

भारत यूरोपीय संघ सम्मेलन के दौरान जारी संयुक्त बयान में कहा गया है, ‘यूरोपीय संघ जी.एस.टी. की ऐतिहासिक शुरुआत सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक सुधारों को करीब से देख रहा है। इससे व्यापार सुगमता बढ़ेगी और भारत में बाजार एकीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा।’ भारत व यूरोपीय संघ के बीच 14वां सालाना शिखर सम्मेलन यहां आयोजित हुआ। इसमें भारत की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। वहीं यूरोपीय संघ की ओर से यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क व यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष ज्यां क्लाउद जंकर शामिल हुए।
PunjabKesari
बयान के अनुसार मोदी ने प्रमुख पहलों में यूरोपीय संघ कंपनियों की मौजूदा भागीदारी की सराहना की तथा भारत की विकास प्राथमिकताओं में उनकी और अधिक संलिप्तता का आह्वान किया। वहीं यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जंकर ने उम्मीद जताई कि यूरोपीय संघ व भारत के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत अगले कुछ दिनों में शुरू होगी। इस बीच, यूरोपीय निवेश बैंक (ई.आई.बी.) ने कहा कि वह बेंगलुरू में 18 स्टेशन रैपिड ट्रांजिट लाइन के निर्माण में 50 करोड़ यूरो की सहायता उपलब्ध कराएगा।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News