LPG Price Hike : चुनाव खत्म होते ही बड़ा झटका, कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम करीब ₹1000 बढ़े, आज से ही नया रेट लागू
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 06:34 AM (IST)
नेशनल डेस्कः बंगाल में चुनाव संपन्न होते ही आम आदमी की जेब पर महंगाई का बड़ा बोझ पड़ा है। 1 मई से कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही, गैस डिलीवरी की प्रक्रिया में भी बड़ा बदलाव करते हुए 'डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड' (DAC) सिस्टम को अनिवार्य बना दिया गया है।
महानगरों में ₹3,000 के पार पहुंची कीमतें
इंडियन ऑयल द्वारा जारी नए रेट के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹993 महंगा होकर ₹3071.50 का हो गया है। कोलकाता में सबसे ज्यादा ₹994 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां अब एक सिलेंडर ₹3202 में मिलेगा। मुंबई में इसकी कीमत ₹3024 और चेन्नई में ₹3237 तक पहुंच गई है। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलो) के उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि इनके दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों का हाल
यूपी के विभिन्न शहरों में भी व्यावसायिक सिलेंडर की कीमतों ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं:
- लखनऊ: कमर्शियल सिलेंडर ₹2201 से बढ़कर ₹3194 का हो गया है।
- गोरखपुर: यहां अब सिलेंडर ₹3255.5 में मिलेगा।
- आगरा: यहां ₹993 की बढ़ोतरी के साथ नई कीमत ₹3125.5 हो गई है।
- पटना: बिहार की राजधानी में कमर्शियल सिलेंडर का रेट ₹3361 तक पहुँच गया है।
आज से लागू हुआ नया डिलीवरी नियम
कीमतों में वृद्धि के साथ-साथ आज से सिलेंडर की डिलीवरी के लिए OTP (वन टाइम पासवर्ड) अनिवार्य कर दिया गया है। नए नियम के तहत, जब डिलीवरी मैन आपके घर सिलेंडर लेकर आएगा, तो आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक कोड आएगा। इस कोड को दिखाए बिना आपकी डिलीवरी पूरी नहीं मानी जाएगी। यदि आपका नंबर अपडेट नहीं है, तो डिलीवरी कर्मचारी ऐप के माध्यम से उसे रियल-टाइम में अपडेट कर सकेगा। यह कदम सिलेंडर की कालाबाजारी और गलत पते पर डिलीवरी रोकने के लिए उठाया गया है।
