LPG Price Cut : कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम ₹200 से अधिक घटे, महीने के पहले दिन मिली राहत, चेक करें नए रेट

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 06:31 AM (IST)

नई दिल्ली: अगस्त महीने की शुरुआत के साथ ही रसोई गैस की कीमतों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। 1 अगस्त से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 200 रुपये से अधिक की कटौती की गई है, जिससे कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है। कोलकाता में 19 kg वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में आज 209 रुपये और दिल्ली में 202 रुपये की कमी की गई है। इस बदलाव के साथ, आज से कोलकाता में 19 kg वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,872.50 रुपये होगी। इस कटौती से विशेष रूप से होटल, ढाबा, कैटरिंग और खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

हालांकि घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) के उपभोक्ताओं के लिए कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए सब्सिडी के नियमों ने चिंता बढ़ा दी है।

उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए बदला नियम

आज से उज्ज्वला योजना के कुछ लाभार्थियों के लिए रसोई गैस 300 रुपये प्रति सिलेंडर तक महंगी पड़ सकती है। इसका मुख्य कारण सब्सिडी की सीमा में की गई कटौती है। सरकार ने इस वित्तीय वर्ष से सब्सिडी को केवल 4 सिलेंडर तक सीमित कर दिया है। यदि आपने 1 अप्रैल से 31 जुलाई के बीच अपने हिस्से के 4 सिलेंडर रिफिल करवा लिए हैं, तो अगस्त महीने में आपको सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे उपभोक्ताओं को अब सिलेंडर सामान्य बाजार कीमत पर ही खरीदना होगा।

गौरतलब है कि पहले यह सीमा 9 सिलेंडर थी, जिसे घटाकर पहले 6 और अब 4 कर दिया गया है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में आई भारी कमी से रेस्टोरेंट और बाहरी खान-पान सस्ता होने की उम्मीद है, लेकिन उज्ज्वला सब्सिडी में कटौती ने गरीब परिवारों के बजट पर दबाव बढ़ा दिया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News