तेल व्यापार में बड़ा उलटफेर! अमेरिका बना भारत का चौथा सबसे बड़ा तेल सप्लायर, UAE को छोड़ा पीछे
punjabkesari.in Saturday, May 17, 2025 - 12:53 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारत की तेल आपूर्ति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अब कच्चे तेल की सबसे ज्यादा आपूर्ति सिर्फ मध्य-पूर्व से नहीं, बल्कि अमेरिका से भी हो रही है। अप्रैल 2025 में अमेरिका भारत का चौथा सबसे बड़ा क्रूड ऑयल सप्लायर बन गया है और उसने इस सूची में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को पीछे छोड़ दिया है।
एनर्जी डेटा एनालिसिस फर्म Vortexa के मुताबिक, भारत ने अमेरिका से तेल की खरीद को 0.17 मिलियन बैरल/दिन से बढ़ाकर 0.33 मिलियन बैरल/दिन कर दिया है, जो एक साल में दोगुना है।
ट्रंप-मोदी वार्ता का असर
यह बढ़त उस बैठक के बाद देखी गई है जो फरवरी 2025 में वॉशिंगटन डीसी में पीएम नरेंद्र मोदी और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार असंतुलन कम करने और ऊर्जा साझेदारी मजबूत करने की बात की थी।
भारत सरकार के मुताबिक, अमेरिका से ऊर्जा आयात 15 अरब डॉलर से बढ़कर 25 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
अब भारत को सबसे ज्यादा तेल कहां से मिलता है?
- रूस: 37.8%
- इराक: 19.1%
- सऊदी अरब: 10.4%
- अमेरिका: 7.3%
- UAE: 6.4% (गिरावट)
अमेरिका की सप्लाई क्यों बढ़ी?
यूरोप में हल्के तेल की मांग घटने और रिफाइनरियों के बंद होने के कारण अमेरिका को नए बाजार की तलाश थी। ऐसे में भारत एक बड़ा खरीदार बनकर उभरा। अकेले अप्रैल में अमेरिका के कुल तेल निर्यात का 8% भारत ने खरीदा।
सऊदी और UAE क्यों पिछड़ रहे हैं?
UAE की आपूर्ति मार्च में बढ़ी थी, जिससे अप्रैल में स्वाभाविक गिरावट आई। वहीं सऊदी अरब फिलहाल एशिया और यूरोप में हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, OPEC+ ने मई-जून में प्रोडक्शन बढ़ाने की योजना बनाई है, जिससे सऊदी की सप्लाई फिर बढ़ सकती है।