अशोक लेलैंड का मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ पांच गुना होकर 803 करोड़ रुपए पर
punjabkesari.in Tuesday, May 23, 2023 - 06:14 PM (IST)

नई दिल्लीः वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता अशोक लेलैंड का जनवरी-मार्च, 2023 की तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ पांच गुना होकर 802.71 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजारों यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 157.85 करोड़ रुपए रहा था। अशोक लेलैंड की परिचालन आय आलोच्य तिमाही में बढ़कर 13,202.55 करोड़ रुपए हो गई जबकि जनवरी-मार्च 2022 की तिमाही में यह 9,926.97 करोड़ रुपए रही थी।
मार्च तिमाही में कंपनी का कुल व्यय 12,085.5 करोड़ रुपए हो गया जबकि साल भर पहले की समान तिमाही में यह 9,429.55 करोड़ रुपए रहा था। इस तिमाही में अच्छे प्रदर्शन के दम पर समूचे वित्त वर्ष 2022-23 में अशोक लेलैंड का एकीकृत शुद्ध लाभ बढ़कर 1,361.66 करोड़ रुपए हो गया जबकि वित्त वर्ष 2021-22 में उसे 285.45 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा हुआ था।
इस दौरान कंपनी की परिचालन आय 26,237.15 करोड़ रुपए से बढ़कर 41,672.6 करोड़ रुपए हो गई। कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन धीरज हिंदुजा ने कहा, ‘‘अनुकूल वृहद-आर्थिक कारकों और स्वस्थ मांग आने से वाणिज्यिक वाहन उद्योग उत्साहित है। यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है।''