त्योहारों से पहले महंगाई का एक और झटका, LPG गैस सिलेंडर के बढ़े दाम

punjabkesari.in Wednesday, Oct 06, 2021 - 10:33 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः त्योहारी से पहले आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर एक बार फिर महंगा हो गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी 6 अक्टूबर को 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर के भाव में 15 रुपए का इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली और मुंबई में नॉन-सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 899.50 रुपए हो गई है। इससे पहले एक अक्टूबर को केवल 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडरों के दाम बढ़ाए गए थे।

कोलकाता में रसोई गैस सिलेंडर का भाव 911 रुपए से बढ़कर 926 रुपए, मुंबई में 844.50 रुपए से चढ़कर 899.50 रुपए हो गए। चेन्नई में बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत अब 915.50 रुपए हो गई। पहले कीमत 900.50 रुपए प्रति सिलेंडर थी।

इससे पहले कितनी बढ़ी थी कीमत
1 सितंबर को 14.2 किलोग्राम के गैर-सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 25 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले पेट्रोलियम कंपनियों ने 18 अगस्त को गैस सिलेंडर की कीमतों में 25 रुपए का इजाफा किया था।पिछले एक साल में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 305.50 रुपए बढ़ चुकी है, जबकि अब सब्सिडी भी नहीं आ रही है।

नेचुरल गैस के दाम 62% बढ़े
आपको बता दें कि सरकार ने नेचुरल गैस की कीमतों में 62 फीसदी की बढ़ोतरी की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेंचमार्क कीमतों में बढ़ोतरी के बाद सरकार ने घरेलू कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है। सरकार ने अक्टूबर-मार्च छमाही (अक्टूबर 2021 से मार्च 2022) के लिए नैचुरल गैस की कीमत बढ़कर अब 2.90 डॉलर mmbtu हो गई है। अप्रैल-सितंबर 2021 छमाही के लिए यह कीमत 1.79 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू थी।

CNG-PNG के भी बढ़े दाम
नेचुरल गैस के दाम बढ़ने से सीएनजी (CNG), पीएनजी (PNG) और रसोई गैस (Cooking Gas) की कीमतों में इजाफा हुआ है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेडज (IGL) ने दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी के भाव 2.55 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी की। वहीं, PNG (पाइप के जरिए घरों में पहुंचने वाली रसोई गैस) के दाम में 2.10 रुपए प्रति घन मीटर का इजाफा किया।

मंगलवार को महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने CNG और PNG की खुदरा कीमत में तत्काल प्रभाव से 2-2 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। मुंबई में सभी करों सहित अब CNG 54.57 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं पीएनजी का स्लैब एक के ग्राहकों के लिए 32.67 रुपए/एससीएम और स्लैब दो ग्राहकों के लिए 38.27 रुपए/एससीएम होगा।

गुजरात गैस लिमिटेड (GGL) ने भी सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी की है जो 5 अक्टूबर से लागू हो गया है। सीएनजी का दाम 3.65 रुपए प्रति किलो और पीएनजी के दाम 2.12 रुपए स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर बढ़े हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News