शेयर बाजार में गिरावट के बीच इन 3 शेयरों में तूफानी तेजी, कई गुना बढ़ा ट्रेडिंग वॉल्यूम
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 11:32 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः सप्ताह के पहले कारोबारी दिन जहां शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखी जा रही है वहीं कुछ चुनिंदा शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। शुरुआती 20 मिनट के कारोबार में Just Dial, Lloyds Engineering Works और BF Utilities के शेयरों में तेज उछाल दर्ज किया गया। इन तीनों कंपनियों के शेयरों में केवल कीमत ही नहीं बढ़ी, बल्कि ट्रेडिंग वॉल्यूम भी सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक रहा, जिससे बाजार का ध्यान इन पर केंद्रित हो गया।
Just Dial में सबसे तेज उछाल
तीनों शेयरों में सबसे बड़ी तेजी Just Dial में देखने को मिली। शुक्रवार को 564.05 रुपए पर बंद हुआ शेयर सोमवार को 601.95 रुपए पर खुला और शुरुआती कारोबार में 645 रुपए तक पहुंच गया। खबर लिखे जाने के समय यह करीब 657 रुपए के पार लगभग 16.48 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था।
कंपनी का मार्केट कैप करीब 5,472 करोड़ रुपए है। शेयर का ऑल टाइम हाई 1,894.40 रुपए और ऑल टाइम लो 250 रुपए रहा है। हालांकि पिछले एक वर्ष में इसमें लगभग 31 फीसदी की गिरावट आई है लेकिन सोमवार की तेजी ने इसे फिर चर्चा में ला दिया।
Lloyds Engineering Works ने छुआ नया शिखर
Lloyds Engineering Works के शेयर में भी शुरुआती कारोबार में मजबूत तेजी देखने को मिली। शुक्रवार को 90.60 रुपए पर बंद हुआ शेयर सोमवार को 89.40 रुपए पर खुला और कुछ ही देर में 95.10 रुपए तक पहुंच गया। सुबह 9:35 बजे तक यह करीब 94 रुपए पर लगभग 4 फीसदी की मजबूती के साथ कारोबार कर रहा था।
करीब 13,518 करोड़ रुपए मार्केट कैप वाली कंपनी का शेयर अपने ऑल टाइम हाई के आसपास पहुंच गया। कंपनी का ऑल टाइम लो सिर्फ 30 पैसे रहा है। रिटर्न की बात करें तो पिछले एक साल में इस शेयर ने करीब 15 फीसदी और पिछले तीन महीनों में करीब 90 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है।
BF Utilities में भी दिखी दमदार खरीदारी
BF Utilities के शेयर में भी सोमवार सुबह जोरदार तेजी दर्ज की गई। शुक्रवार को 578.80 रुपए पर बंद हुआ शेयर सोमवार को 576.80 रुपए पर खुला और कुछ ही मिनटों में 654.80 रुपए तक पहुंच गया। सुबह 9:35 बजे तक यह करीब 650 रुपए के स्तर पर लगभग 12 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखाई दिया।
कंपनी का मार्केट कैप करीब 2,441 करोड़ रुपए है। इसका ऑल टाइम हाई 3,075 रुपए और ऑल टाइम लो 110 रुपए रहा है। हालांकि पिछले एक साल में शेयर करीब 20 फीसदी कमजोर हुआ है लेकिन बीते तीन महीनों में इसने लगभग 36 फीसदी का रिटर्न दिया है।
इस शेयर में भी ट्रेडिंग वॉल्यूम ने निवेशकों का ध्यान खींचा। जहां सामान्य तौर पर प्रतिदिन करीब 1 लाख शेयरों का कारोबार होता है, वहीं सोमवार को शुरुआती 20 मिनट में ही 6 लाख से ज्यादा शेयरों की खरीद-बिक्री दर्ज की गई।
बढ़ते वॉल्यूम का क्या संकेत है?
किसी भी शेयर में कीमत के साथ-साथ ट्रेडिंग वॉल्यूम का कई गुना बढ़ना इस बात का संकेत हो सकता है कि उस शेयर में निवेशकों की रुचि अचानक बढ़ी है। इसके पीछे किसी बड़ी खबर, सकारात्मक कारोबारी घटनाक्रम या संस्थागत निवेशकों की सक्रियता जैसी कई वजहें हो सकती हैं।
हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि केवल एक दिन की तेजी या बढ़े हुए वॉल्यूम को देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए। निवेश से पहले कंपनी के बिजनेस मॉडल, वित्तीय स्थिति, कर्ज, भविष्य की संभावनाओं, वैल्यूएशन और शेयरहोल्डिंग पैटर्न का अच्छी तरह विश्लेषण करना जरूरी है।
