अगर स्वास्थ्य अच्छा है तो दुनिया की सारी खुशियां हैं

punjabkesari.in Friday, Apr 12, 2024 - 05:16 AM (IST)

हम सभी अच्छे स्वास्थ्य की इच्छा रखते हैं लेकिन क्या हम अपने स्वास्थ्य को गंभीरता से लेते हैं? शायद नहीं। अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने की दिशा में पहला कदम विभिन्न पोषक तत्वों से भरपूर आहार खाना है। आपके आहार में ताजे फल और हरी पत्तेदार सब्जियां शामिल होनी चाहिएं। इसके अलावा दालें, अंडे और डेयरी उत्पाद भी हैं जो आपके समग्र विकास में मदद करते हैं और अनाज भी हैं जो दिन भर ऊर्जा प्रदान करते हैं। आपको अपनी पसंद के किसी भी शारीरिक व्यायाम के लिए अपने दैनिक कार्यक्रम में से कम से कम आधे घंटे का समय निकालना चाहिए।

कहा जाता है कि पहला सुख निरोगी काया यानी अगर स्वास्थ्य अच्छा है तो दुनिया की सारी खुशियां हैं। बचपन से ही बताया जाता है कि स्वास्थ्य दुनिया की सबसे कीमती चीज है। बड़े होकर यह बात शत-प्रतिशत सत्य प्रतीत होती है। हम अच्छा स्वास्थ्य नहीं खरीद सकते लेकिन हम इसे व्यायाम, योग और संतुलित आहार के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। खुद को स्वस्थ रखने में आत्मसंयम अहम भूमिका निभाता है। समय पर उचित भोजन न मिलने के कारण आज कई बच्चे कुपोषण का शिकार हो रहे हैं। कई बच्चे और वयस्क विभिन्न और खतरनाक बीमारियों से पीड़ित हैं।

इतना ही नहीं आज हमारा खान-पान भी शुद्ध नहीं है। प्राचीन समय में हम बाजरा, ज्वार, मक्के की रोटी, सरसों का साग, मक्के के दाने आदि खाते थे लेकिन आज आधुनिकता की दौड़ में हमारा खान-पान दूषित हो गया है और जीवनशैली बदल गई है। आज की पीढ़ी सप्ताह में 3 से 4 दिन बाहर, जंक फूड, बर्गर, नूडल्स, टिक्की, मोमोज, डोसा और रेस्तरां में लंच और डिनर में बिताती है। जो खाना हम बड़े चाव से खाते हैं उसके बारे में हमें पता ही नहीं चलता कि वह खाना कितना पुराना है और कितना नुकसानदायक है। वाॢषक स्वास्थ्य जांच कराना एक अच्छा विचार है। निवारण हमेशा इलाज से बेहतर है। -अनामिका गुलाटी, जालन्धर


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News