माओवादी सब जोनल कमांडर हरिमोहन उर्फ लूल्हा गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Jun 26, 2016 - 10:34 PM (IST)

गया: बिहार में गया जिले के अति उग्रवाद प्रभावित बाराचट्टी थाना क्षेत्र के हिरवा पहाड़ी से पुलिस ने आज प्रतिबंधित संगठन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी ( माओवादी) के सब जोनल कमांडर हरिमोहन उर्फ लूल्हा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक (नगर) अवकाश कुमार ने यहां बताया कि सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक(अभियान) मनोज कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के हिरवा पहाड़ी क्षेत्र स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी कर माओवादी कमांडर को गिरफ्तार किया है। 
 
उन्होंने बताया कि माओवादी लूल्हा ने कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। लूल्हा ने रौशनगंज थाना क्षेत्र में पुलिस जीप उड़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस हमले में पुलिस के कई जवान शहीद हो गए थे। कुमार ने बताया कि माओवादी पर जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज है। गिरफ्तार सब जोनल कमांडर से पूछताछ की जा रही है। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News