देश में सड़क दुर्घटनाओं में तेज रफ्तार सबसे बड़ा कारण

punjabkesari.in Monday, Oct 09, 2023 - 04:46 AM (IST)

हालांकि परिवहन मंत्रालय द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में हो रहे कीमती जिंदगियों के नुक्सान को रोकने के लिए समय-समय पर एडवाइजरी जारी की जाती है, लेकिन इसके बावजूद वाहन चलाते समय बरती जाती लापरवाही के कारण अनमोल प्राण जाने का सिलसिला जारी है। सड़क पर होने वाली मौतों में भारत का पहला स्थान है। फैडरेशन आफ इंडियन चैम्बर्स आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री एंड ई.वाई. (एफ.आई.सी.सी.आई.-ई.वाई.) के अनुसार भारत में सड़क दुर्घटनाएं करीब 1.5 मिलियन जानें ले लेती हैं जोकि विश्व भर में होने वाली ऐसी दुर्घटनाओं का 11 प्रतिशत है। विश्व में प्रत्येक 24 सैकेंड में एक जान सड़क दुर्घटना के कारण चली जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार सड़क दुर्घटना  मौत होने का आठवां प्रमुख कारण है।

2021 में तमिलनाडु के बाद उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं रिकार्ड की गई हैं। तमिलनाडु देश में एक ऐसा राज्य है जहां पर सड़क दुर्घटनाओं की सबसे ज्यादा दर है। तीसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश का स्थान आता है। चौथे नम्बर पर केरल और पांचवें पर महाराष्ट्र का स्थान  है। हाल ही में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास में ‘सैंटर ऑफ एक्सीलैंस फॉर रोड सेफ्टी’ द्वारा हरियाणा में हुई सड़क दुर्घटनाओं पर एक अध्ययन किया गया, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। 

अध्ययन के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली कुल मौतों में से 50 प्रतिशत मौतों के पीछे तेज रफ्तार सबसे बड़े कारण माना गया। अध्ययन में पिछले साल हरियाणा में हुई सड़क दुर्घटनाओं में कुल 5,021 मौतों में से 2,594 लोगों की कीमती जान केवल तेज रफ्तार के कारण गई, जबकि कुल हुए हादसों में 33 प्रतिशत हादसों का शिकार दोपहिया वाहन सवार हुए। इसके अलावा अध्ययन में यह भी सामने आया है कि सबसे ज्यादा खतरनाक हादसे (लगभग 22 प्रतिशत) शाम 6 से 9 बजे के बीच होते हैं।

वर्ष 2022 में हुई 11,115 सड़क दुर्घटनाओं में 5,021 लोगों की मौत हो गई। एक अनुमान के अनुसार राज्य में हर रोज 14 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं के कारण हो रही है। तेज रफ्तार का रोमांच बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन कर परिवारों के परिवार तबाह कर रहा है। अत: रफ्तार के रोमांच को अलविदा कह कर सीमित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करके वाहन चलाने में ही अपना और दूसरों का भला है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News