यह है ‘भारत देश हमारा’

punjabkesari.in Wednesday, Jan 13, 2016 - 11:38 PM (IST)

हमारा देश भी कभी उच्च आदर्शों एवं नैतिक मूल्यों के लिए विख्यात था। तब समूचा विश्व मार्गदर्शन के लिए हमारी ओर देखता था, पर आज हमारे ही देश के चंद लोगों के नैतिकता से गिरे हुए कृत्यों एवं घोर चारित्रिक पतन के कारण हम विश्व समुदाय के उपहास के पात्र बन रहे हैं। यही संकेत दे रही हैं निम्न में ताजा घटित हुई घटनाए-
 
11 दिसम्बर 2015 को मुम्बई के ‘कारगिल नगर’ में कृष्ण कदम नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 2 छोटे बच्चों पर चाकुओं से हमला कर दिया जिसके परिणामस्वरूप कृष्णा की पत्नी कल्पिता की मृत्यु हो गई। 
 
19 दिसम्बर को दिल्ली में हॢषत जैन ने अपने साथी गौरव त्यागी से मिलकर नशे के लिए पैसे न देने पर अपनी दादी कैलाशवती की हत्या कर दी।
 
31 दिसम्बर को मीरा रोड निवासी बहादुर सिंह ने घरेलू विवाद के चलते अपनी डांसर पत्नी तान्या, उसकी भतीजी शकीला व अपने 6 महीने के बेटे जयदेव से मुक्ति पाने के लिए रात 2 बजे तीनों पर पैट्रोल छिड़क कर आग लगा दी जिससे तीनों की मौत हो गई। 
 
31 दिसम्बर को ही बिहार में रह रही अपनी पत्नियों की लड़ाई की खबर सुन कर सलेमपुरी, लुधियाना में रह रहे बिहार निवासी सगे भाई राम आदर्श और शत्रु राय आपस में उलझ पड़े और शत्रु ने राम आदर्श की हत्या कर दी। 
 
01 जनवरी 2016 को मध्य प्रदेश में बालाघाट के ‘केसा’ गांव में राजेंद्र पटेल नामक व्यक्ति ने अपने गूंगे बेटा -बेटी सुमित और पायल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया जिसके परिणामस्वरूप सुमित की मौत हो गई और बाद में राजेंद्र पटेल ने खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 
 
03 जनवरी को उत्तर प्रदेश के ऐटा में सुंदरी नामक 22 वर्षीय महिला द्वारा अपने पति के शराब पीने का विरोध करने पर उसके पति ने उसे गोली मार दी। 
 
03 जनवरी को ही सिरसा में मंगालिया गांव की अनुसूईया ने अपने प्रेमी विनोद और पति भगीरथ के सहयोग से अपने अवैध संबंधों में बाधक बनी 12वीं कक्षा में पढ़ रही अपनी 20 वर्षीय बेटी प्रियंका की हत्या कर दी। भगीरथ को अनुसूईया के अवैध संबंधों का पता था पर वह इसके विरुद्ध नहीं था।
 
05 जनवरी को लुधियाना के न्यू शिवा जी नगर में प्रापर्टी के विवाद में एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिल कर अपने पिता दर्शन सिंह पर डीजल डाल कर आग लगा दी जिससे वह 25 प्रतिशत झुलस गया।
 
08 जनवरी को आदमपुर के निकट खुर्दपुर में अकबर अली व उसकी दूसरी पत्नी खालिदा ने अकबर अली की पहली पत्नी से जन्मे 4 वर्षीय बेटे सैफुल की हत्या कर दी जिसके कारण अकबर व खालिदा में झगड़ा रहता था। 
 
09 जनवरी को उत्तर प्रदेश के खलीलाबाद पुलिस थाने में लक्ष्मी पांडे ने, प्राइमरी स्कूल के हैडमास्टर अपने 50 वर्षीय पति अरविंद पांडे के विरुद्ध अपनी दोनों बेटियों से बलात्कार करने के आरोप में केस दर्ज करवाया। 
 
10 जनवरी को हरियाणा में गोहाना के गांव आंवली में सीमा नामक महिला ने भूमि के विवाद में अपनी सास दमयंती पर लोहे की छड़ से हमला करके उसकी हत्या कर दी और शव को आग लगा दी। 
 
12 जनवरी को कानपुर में अपने दादा-दादी के साथ रह रही 8 वर्षीय बच्ची से उसके दादा और चाचा द्वारा कई बार बलात्कार करने के सिलसिले में बच्ची के दादा और चाचा के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। बच्ची का आरोप है कि दादी को शिकायत करने के बावजूद उसने उसे नहीं बचाया।
 
12 जनवरी को ही उत्तर प्रदेश के बिजनौर में संगीता जैन नामक महिला द्वारा अपनी सास राजरानी को जान से मारने के इरादे से मारपीट करने और गला घोंटने का वीडियो वायरल होने के बाद संगीता को गिरफ्तार किया गया। 
 
12 जनवरी को ग्रेटर नोयडा के जारचा कोतवाली क्षेत्र में एक युवती द्वारा छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके जीजा ने युवती के नाक-कान काट डाले। 
 
13 जनवरी को गाजियाबाद में एक क्रैच की संचालिका के 60 वर्षीय ससुर अरुण सिन्हा को एक 6 वर्षीय बच्ची को धमका कर कई महीनों तक उससे बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
 
13 जनवरी को ही फेसबुक पेज पर एक व्यक्ति ने अपनी आपबीती पोस्ट की जिसमें उसने बताया कि किस प्रकार 12 वर्ष की आयु से लेकर 18 वर्ष की आयु तक उसका अपना चाचा ही उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। 
 
उक्त घटनाओं से स्पष्ट है कि देश में अनैतिकता और अमानवीयता का किस कदर बोलबाला है। माता-पिता, पत्नी-पति, बहू-बेटा सबके मन मैले व दामन दागदार हो रहे हैं। यह निर्णय कर पाना कठिन हो गया है कि किस रिश्ते पर विश्वास किया जाए और किस पर नहीं।
—        विजय कुमार

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News