Uttarakhand : भारी बारिश के अलर्ट के चलते आज देहरादून और चमोली में बंद रहेंगे स्कूल
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 12:12 AM (IST)
नेशलन डेस्कः मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के दो जिलों देहरादून, चमोली के लिए गुरुवार को 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है और इन दोनों जिलों के अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, चमोली और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर 'भारी से बहुत भारी' बारिश होने की प्रबल संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और अत्यंत तीव्र बारिश का स्पेल देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, उत्तराखंड के अन्य जिलों जैसे टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में भी छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मैदानी इलाकों में भी अलर्ट
पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी है।
11 अगस्त तक नहीं मिलेगी राहत
पहाड़ों पर बारिश का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि उत्तराखंड के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और गिलगित-बल्तिस्तान में 11 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान इन राज्यों में व्यापक स्तर पर वर्षा होने का अनुमान है।
