'डॉक्टर ने आंखें निकाल दीं': मोबाइल छुड़ाने के लिए स्कूल में रचा डरावना नाटक, खौफ से रोने लगे मासूम; जांच के आदेश

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 12:34 AM (IST)

खटीमा : उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित एक निजी स्कूल से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल में बच्चों को मोबाइल फोन की लत से दूर रखने के लिए एक डरावना नाटक रचा गया, जिससे पूरा क्लासरूम मासूम बच्चों के रोने और चीखने की आवाजों से गूंज उठा।

आंख पर लाल रंग लगाकर बांधी पट्टी
बच्चों में डर पैदा करने के लिए एक छात्र की आंख पर लाल रंग लगाकर पट्टी बांध दी गई। उस छात्र ने कक्षा के बाकी साथियों से कहा कि अत्यधिक मोबाइल चलाने की वजह से डॉक्टर ने उसकी आंखें निकाल ली हैं। यह सुनते ही मासूम बच्चे बुरी तरह डर गए, रोने लगे और हाथ जोड़कर कहने लगे कि वे अब कभी मोबाइल नहीं छुएंगे।

वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू
कक्षा की इस गतिविधि का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग ने मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। उधम सिंह नगर के जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

"मकसद सही, लेकिन तरीका गलत": एसडीएम
खटीमा के एसडीएम तुषार सैनी ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बच्चों को मोबाइल से दूर रखने का मकसद सही है, लेकिन यह तरीका पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधि से बच्चों में भय का माहौल बना है। स्कूल प्रबंधन को हिदायत दी गई है कि बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन न किया जाए। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News