तेंदुए के आगे नहीं टेके घुटने, 40 सेकेंड तक तेंदुए से भिड़ा बहादुर कुत्ता, CCTV में कैद हुई खौफनाक भिड़ंत
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 12:50 PM (IST)
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पालतू कुत्ते की बहादुरी ने तेंदुए जैसी खतरनाक शिकारी को दुम दबाकर भागने पर मजबूर कर दिया। दरअसल, रुद्रप्रयाग जिले में एक पालतू कुत्ते पर तेंदुए के हमले का एक वीडियो सामने आया है। इस घटना ने स्थानीय लोगों को डरा दिया है और वे रिहायशी इलाकों में जंगली जानवरों के आने को लेकर चिंतित हैं। यह घटना मंगलवार देर रात विकास भवन ऑफिस के पास एक घर में हुई। अंधेरे का फायदा उठाकर एक तेंदुआ घर के आंगन में घुस आया और सो रहे कुत्ते पर हमला कर दिया।
वहीं कुत्ता भी डरा नहीं, बल्कि उसने बहादुरी से मुकाबला किया। घर के दरवाज़े के पास ही दोनों जानवरों के बीच ज़बरदस्त लड़ाई हुई। तेंदुए के आकार और ताकत में ज़्यादा होने के बावजूद, कुत्ता पीछे नहीं हटा और लगातार लड़ता रहा। पालतू कुत्ते के कड़े मुकाबले के आगे तेंदुआ हार मानकर वहां से भाग गया। हालांकि कुत्ता इस हमले में बच गया है।
तेंदुए के आगे नहीं टेके घुटने, 40 सेकेंड तक तेंदुए से भिड़ा बहादुर कुत्ता, CCTV में कैद हुई खौफनाक भिड़ंत pic.twitter.com/GmzH1D6tON
— Anu Malhotra (@AnuMalh70809367) September 9, 2026
भले ही कुत्ते ने तेंदुए को भगा दिया हो, लेकिन इस घटना ने पूरे रुद्रप्रयाग में लोगों की नींद उड़ा दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों से रिहायशी इलाकों के आसपास लगातार तेंदुए देखे जा रहे हैं, जिससे बच्चों, परिवारों और पालतू जानवरों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तेंदुए की गतिविधियों पर नज़र रखने की मांग की है।
