जंग खत्म होते ही छोड़ दूंगा ''राष्ट्रपति पद'', वोलोदिमीर जेलेंस्की का बड़ा बयान

punjabkesari.in Thursday, Sep 25, 2025 - 05:53 PM (IST)

नेशनल डेस्क: रूस से चल रहे भीषण युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जैसे ही युद्ध खत्म होगा, वह राष्ट्रपति पद छोड़ने के लिए तैयार हैं। जेलेंस्की ने साफ कहा कि उनका मकसद सत्ता में बने रहना नहीं है, बल्कि देश में युद्ध को खत्म करना है।

शांति की कोशिशें जारी रहेंगी

जेलेंस्की ने भरोसा दिलाया कि वह यूक्रेन में शांति बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे। उनके मुताबिक, इस युद्ध का अंत केवल राजनीतिक समाधान से नहीं होगा, बल्कि यह यूक्रेनी जनता की आज़ादी और भविष्य के लिए भी अहम कदम साबित होगा।

रूस बताता है अवैध राष्ट्रपति

रूस लंबे समय से जेलेंस्की को अवैध राष्ट्रपति कहता आ रहा है। उसका कहना है कि जेलेंस्की का कार्यकाल खत्म हो चुका है। हालांकि, रूस के हमले के बाद यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू है, जिसकी वजह से वहां चुनाव कराना संभव नहीं है। इसी कारण यूक्रेन की संसद ने फरवरी में एक प्रस्ताव पास कर जेलेंस्की का कार्यकाल तब तक बढ़ा दिया, जब तक मार्शल लॉ खत्म नहीं हो जाता।

रूस को रोकना होगा: जेलेंस्की

इससे पहले जेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र से अपील की थी कि रूस को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि राष्ट्रपति पुतिन यूरोप तक जंग का विस्तार करना चाहते हैं। जेलेंस्की ने कहा कि फिलहाल दुनिया हथियारों की अब तक की सबसे खतरनाक दौड़ में फंस चुकी है।

भारत का जिक्र भी किया

जेलेंस्की ने हाल ही में भारत को लेकर भी बयान दिया था। उन्होंने कहा कि भारत ज्यादातर यूक्रेन के पक्ष में है और किसी भी तरह से युद्ध को बढ़ावा नहीं दे रहा। ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कुछ मसले जरूर हैं, लेकिन उनका हल निकाला जा सकता है। जेलेंस्की ने यह भी कहा कि भारत यूक्रेन के साथ खड़ा है और यूरोप को भी भारत के साथ अपने रिश्ते मजबूत करने चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News