लैम्बॉर्गिनी को भरोसा, एशिया-प्रशांत के उसके शीर्ष 10 बाजारों में भारत कहीं ऊंचे स्थान पर पहुंचेगा

punjabkesari.in Sunday, Jan 23, 2022 - 12:44 PM (IST)

नयी दिल्ली, 23 जनवरी (भाषा) इटली की सुपर लग्जरी कार कंपनी ऑटोमोबिली लैम्बॉर्गिनी को भरोसा है कि आने वाले वर्षों में एशिया-प्रशांत के उसके शीर्ष 10 बाजारों की सूची में भारत कहीं ऊंचे स्थान पर होगा। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह उम्मीद जताई।
बीते साल लैम्बॉर्गिनी की भारत में बिक्री 86 प्रतिशत बढ़कर 69 इकाइयों की रही है और यह एशिया-प्रशांत में उसके शीर्ष 10 बाजारों में रहा है। हालांकि, शीर्ष तीन बाजारों...चीन, जापान और दक्षिण कोरिया से तुलना की जाए, तो भारत काफी पीछे है।
चीन दुनिया में कंपनी का दूसरा सबसे बड़ा बाजार रहा है। 2021 में चीन में कंपनी ने 935 वाहन बेचे हैं। एशिया-प्रशांत के तीसरे सबसे बड़े बाजार दक्षिण कोरिया में बीते साल कंपनी की बिक्री 354 इकाइयों की रही। वहीं थाइलैंड भी 75 इकाइयों की बिक्री के साथ भारत से आगे रहा है।
लैम्बॉर्गिनी एशिया-प्रशांत के क्षेत्रीय निदेशक फ्रांसिस्को स्कारदाओनी ने एक बातचीत में कहा, ‘‘2021 में एशिया-प्रशांत के लिए शीर्ष 10 देशों में भारत भी है।’’ शीर्ष तीन के अलावा, कंपनी ने शीर्ष 10 बाजारों की रैंकिंग का खुलासा नहीं किया है।
लैम्बॉर्गिनी भारत में सुपर लग्जरी कारों की श्रृंखला की बिक्री करती है। इसके वाहनों की कीमत 3.16 करोड़ रुपये से शुरू होती है। कंपनी ने 2021 में देश में अपनी अब तक की सबसे अच्छी बिक्री दर्ज की है। उसने 2019 के अपने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा है। उस साल भारतीय बाजार में कंपनी की बिक्री 52 इकाई की रही थी। 2020 में भारतीय बाजार में कंपनी की बिक्री 37 वाहन रही थी।
स्कारदाओनी ने कहा, ‘‘बाजार के लिहाज से देखें, तो पता चलता है कि भारत कैसे बढ़ रहा है। यह वृद्धि अगले कुछ साल के दौरान भी जारी रहने की उम्मीद है। 2022 और 2023 को लेकर हमारा परिदृश्य काफी सकारात्मक है।’’


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News