गिरावट के साथ शेयर बाजार बंद, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से सेंसेक्स 813 अंक लुढ़का
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 05:15 PM (IST)
मुंबईः घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट आई। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के साथ कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से मानक सूचकांक... बीएसई सेंसेक्स 813 अंक लुढ़का जबकि एनएसई निफ्टी 23,450 अंक के नीचे आ गया। सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली और विदेशी निवेशकों की नए सिरे से पूंजी निकासी से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित रही।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 813.35 अंक यानी 1.08 प्रतिशत लुढ़क कर दिन के निचले स्तर 74,764.23 अंक पर बंद हुआ। वहीं, 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 203.60 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,431.50 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर सबसे अधिक 4.55 प्रतिशत टूटा।
इसके अलावा इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में भी गिरावट रही। दूसरी ओर, लाभ में रहने वाले शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, ट्रेंट और एनटीपीसी शामिल हैं। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी रही। ब्रेंट कच्चा तेल 2.67 प्रतिशत बढ़कर 100.5 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर ने कहा, ''बिकवाली दबाव के साथ भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, वैश्विक तनाव बने रहने और बाजार में बढ़ती अस्थिरता ने निवेशकों का भरोसा प्रभावित किया। इससे जोखिम लेने की धारणा प्रभावित हुई।''
उन्होंने कहा कि भारत अस्थिरता सूचकांक (VIX) में 6% से अधिक की बढ़ोतरी हुई। यह बाजार में बढ़ती सावधानी और निकट अवधि को लेकर सतर्क रुख को दर्शाती है। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहे, जबकि जापान का निक्की और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार के दौरान कमजोर रुख रहा।
अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 123.19 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे। सेंसेक्स मंगलवार को 555.23 अंक टूटकर 75,577.58 अंक पर रहा था और निफ्टी 144.05 अंक की गिरावट के साथ 23,635.10 अंक पर बंद हुआ था।
