जयमाला के समय दूल्हे ने किया शादी से इन्कार

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2015 - 05:47 AM (IST)

जालंधर (महेश): काजी मंडी के भीम नगर क्षेत्र में शनिवार की रात को धर्मकोट (मोगा) से आई बारात में शामिल बारातियों तथा दूल्हे द्वारा जयमाला के समय अचानक शादी करने से इन्कार कर देने पर बड़ा हंगामा हो गया। दूल्हे के इस तरह कहने पर बाराती भी हैरान रह गए और लड़की वालों में भी हड़कम्प मच गया। कुछ समय पहले खुशियों में चल रहा समय अचानक गमी में बदल गया। 

जयमाला वाले मंच पर आई दुल्हन अपने कमरे में जाकर ऊंची आवाज में रोने लग पड़ी जिसे उसके मां-बाप तथा अन्य रिश्तेदारों ने हौसला दिया। मिली जानकारी के मुताबिक मोहन नामक व्यक्ति की शादी 2 महीने पहले भीम नगर की निवासी युवती से पक्की हुई थी जिसके चलते शनिवार रात को बारात आई थी। खाने के बाद जब 10 से 10.30 बजे के बीच जयमाला का समय आया तो लड़की में कोई नुक्स दिखने पर दूल्हे तथा उसके परिजनों ने कह दिया कि यह शादी उन्हें मंजूर नहीं है। 

लड़के का कहना था कि लड़की मानसिक तौर पर सही नहीं है जबकि शादी पक्की किए जाने पर उन्हें इस संंबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। रात 11.30 बजे तक काफी हंगामा होता रहा। लड़की वाले काफी कोशिश करते रहे कि उनकी लड़की की शादी न टूटे लेकिन लड़के वालों ने कोई भी रस्म करने से इन्कार कर दिया और वहां से देर रात बैरंग ही बारात लेकर धर्मकोट लौट गए। दूल्हे की नजदीकी महिला रिश्तेदार तथा उसका बेटा अपना सामान वहां से ले जाने के लिए वहीं रुक गए और जैसे ही वे सुबह थ्री व्हीलर में वहां से निकले तो लड़की वालों ने उन्हें दोमोरिया पुल के नजदीक दौलतपुरी मोहल्ले के पास पहुंचते ही घेर लिया और जमकर हंगामा किया एवं कहा कि वे उनकी बेटी से शादी नहीं तोड़ सकते। 

दौलतपुरी के नजदीक हंगामा होने और बड़ी भीड़ एकत्रित हुई होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में चलती पुलिस की जूलो गाड़ी के मुलाजिम वहां पहुंच गए और उन्हें शांत किया जिसके बाद यह मामला थाना डिवीजन नं. 3 में पहुंच गया, थाने में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। लड़के की रिश्तेदार महिला ने अपने साथ लड़की पक्ष द्वारा की गई धक्केशाही के बारे में पूरी जानकारी दी लेकिन उक्त क्षेत्र थाना 3 के अधीन आता न होने के कारण इस मामले को थाना रामा मंडी की पुलिस चौकी सूर्या एन्क्लेव को सौंप दिया गया। 

चौकी प्रभारी सतनाम सिंह ने भीम नगर (काजी मंडी) में जाकर लड़की वालों के बयान लिए। लड़की के मां-बाप ने पुलिस को बताया कि लड़के वालों ने उनके साथ धक्केशाही की है जबकि उनकी लड़की बिल्कुल ठीक है। उसे कोई भी बीमारी या अन्य समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि लड़के वालों के शादी से इन्कार करने पर उनकी अपनी बिरादरी में भी काफी बदनामी हुई है। इस दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि पंचायत ने भी लड़के वालों को काफी समझाना चाहा लेकिन वह बारात बैरंग लेकर लौट गए।  

दुल्हन के रूप में सजी हुई लड़की ने भी पुलिस को सारी कहानी सुनाई और कहा कि उसे इन्साफ दिलाया जाए। चौकी प्रभारी सतनाम सिंह ने कहा है कि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को कल दोपहर 2 बजे पुलिस चौकी में बुलाया गया है। दोनों पक्षों की बात उन्हें आमने-सामने बिठाकर सुनी जाएगी। उसके बाद अगर राजीनामा नहीं होता तो बनती कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News