लड़की ने दादा की अस्थियों से बनाई ये डिश, क्लास में दोस्तों को खिलाई
punjabkesari.in Thursday, Oct 18, 2018 - 11:08 AM (IST)
लॉस एंजिलिस: अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक टीनेज लड़की ने घर पर बिस्किट बनाने के लिए एेसी चीज का इस्तेमाल किया, जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। दरअसल, उसने अपने दादा की अस्थियों की राख को बिस्किट में मिला दिया। इतना ही नहीं, बिस्किट बनाने के बाद उसने इसे अपनो दोस्तों को भी बांटा। स्थानीय मीडिया में आई यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि उस छात्रा ने लगभग अपने नौ क्लासमेट्स को ये बिस्किट खिलाए। कुछ ने तो बिना जानकारी के इसे खा लिया। लेकिन उन्हें जब सच्चाई का पता चला तो वे हैरान रह गए और काफी डर गए। हालांकि, कुछ लोगों ने यह जानते हुए भी बिस्किट खा लिया, क्योंकि उन्हें लगा ये झूठ है, लेकिन बाद में उन्हें उस बात पर यकीन हो गया कि इसमें क्या चीज मिलाई गई है।
एक छात्र ने स्थानीय मीडिया को बताया कि वह अपने क्लास में जा रहा था, तभी एक लड़की ने उसे बिस्किट ऑफर करते हुए कहा कि इसमें एक खास चीज मिली हुई है, इसे खाओ। मुझे पहले लगा कि इसमें ड्रग्स या ऐसी ही कुछ चीज मिली होगी, इसलिए मैंने उससे पूछा कि क्या इसमें ड्रग्स मिला है, तो उसने जवाब में ना कहा। उसने कहा कि इसमें मेरे दादाजी की अस्थियों की राख मिली हुई है।
यह कहकर वह हंसने लगी। यह सुनकर मैं उसे हैरानी से देखता रह गया और काफी डर गया। पुलिस 4 अक्टूबर के इस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। दूसरी तरफ, स्कूल ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि इससे किसी भी छात्र को किसी स्वास्थ्य समस्या का सामना नहीं करना पड़ा है, सभी ठीक हैं।