इलाहाबाद HC का आदेश, दिल्ली-नोएडा को जोड़ने वाला DND फ्लाई ओवर टोल फ्री

punjabkesari.in Wednesday, Oct 26, 2016 - 06:58 PM (IST)

नई दिल्ली: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने आज DND टोल फ्री करने का आदेश दिया है। कोर्ट के आदेश के बाद अब दिल्ली-नोएडा डीएनडी टोल टैक्स फ्री हो जाएगा। कोर्ट के इस फैसले के बाद अब डीएनडी पर कोई पैसे नहीं लगेंगेष बता दें कि डीएनडी फ्लाईओवर दिल्ली से नोएडा को जोड़ता है। पहले DND टोल पर कार के लिए 28 रुपए और बाइक के लिए 12 रुपए वसूले जाते थे। दीपावली से ठीक पहले दिल्ली-एनसीआर के नागरिकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर अदालत में इस मामले की सुनवाई प्रतिदिन चल रही थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने यह टिप्पणी की थी कि नोएडा अथॉरिटी और टोल ब्रिज कंपनी के बीच हुए मनमाने करार का खामियाजा आम जनता को भुगतने देना कतई ठीक नहीं है।

कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की थी कि ओवर ब्रिज की लागत से ज़्यादा की वसूली होने के बाद लोगों से टैक्स वसूलना गलत है। अदालत ने इन्हीं दोनों बिंदुओं पर यूपी सरकार और नोएडा अथॉरिटी और टोल ब्रिज कंपनी से जवाब तलब किया था। नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाले तकरीबन सवा नौ किलोमीटर लंबे डीएनडी फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य साल 1997 में शुरू हुआ था। पुल की लागत तकरीबन 407 करोड़ रुपए आई थी।

इस पुल पर फरवरी 2001 से ट्रैफिक का संचालन शुरू हुआ था। नोएडा टोल ब्रिज कंपनी को इस पुल पर टोल टैक्स वसूलने का ठेका दिया गया था। एक अनुमान के मुताबिक़ कंपनी अब तक दो हजार करोड़ रुपये से ज़्यादा का टोल टैक्स वसूल चुकी है। हालांकि, नोएडा अथॉरिटी से हुए मनमाने करार के चलते लागत कीमत बढ़ने से टोल कंपनी अब 32 सौ करोड़ रुपए वसूलने की बात कह रही है।



सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News