जैन मुनि पर विशाल के ट्वीट पर बुरे फंसे केजरीवाल, घर के बाहर जोरदार प्रदर्शन

punjabkesari.in Tuesday, Aug 30, 2016 - 07:26 AM (IST)

नई दिल्ली: बॉलीवुड संगीतकार व ‘आप’ नेता विशाल डडलानी द्वारा जैन मुनि तरुण सागर पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर अरविंद केजरीवाल घिर गए हैं। आप नेता विशाल डडलानी के ट्वीट पर मचा घमासान फिलहाल थमता नहीं दिख रहा है।
डैमेज कंट्रोल के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जैन मुनि से खुद फोन कर माफी मांगी व दिल्ली विधानसभा में उनका प्रवचन करवाने की भी पेशकश की। विरोध में समुदाय के लोगों ने अपना गुस्सा सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर प्रदर्शन करके निकाला।

प्रदर्शन प्रबुद्ध जैन समाज की अगुवाई में किया गया जिसमें बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने हिस्सा लिया और साथ ही कई जैन पार्षद भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जैन समाज शांति प्रिय है, वह अहिंसा में विश्वास रखता है लेकिन अगर कोई जैन मुनि पर टिप्पणी करेगा तो वह बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मांग की कि वह विशाल डडलानी को जेल में बंद करवाएं, यही सरकार का पश्चाताप होगा।

उधर जैन मुनि तरुण सागर महाराज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सोमवार को चंडीगढ़ के श्री दिगम्बर जैन सोसायटी व जैन समाज ने पूर्व सांसद व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन की अगुवाई में चंडीगढ़ के प्रशासक व पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर को ज्ञापन सौंपा।

केजरीवाल के मंत्री ने जैन मुनि से की मुलाकात
दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री सत्येन्द्र जैन ने डडलानी के ट्विटर पोस्ट पर उपजे विवाद के बाद  चंडीगढ़ में जैन मुनि तरुण सागर से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ा और उन्होंने अनजाने में ऐसा करने वालों को क्षमा कर दिया है।

मैं किसी से नाराज नहीं: जैन मुनि
तरुण सागर ने कहा कि वह विशाल से नाराज नहीं हैं। जैन समुदाय के बारे में की गई टिप्पणी से ऐसा लगता है कि उन्हें जैन धर्म के बारे में कुछ भी पता नहीं है।  उन्होंने यह भी कहा कि माफी मांगने या माफ करने का प्रश्न ही नहीं है। मैं तो उनसे नाराज ही नहीं हूं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News