पुणे में पैर पसार रहा जीका वायरस, एक और मामला आया सामने; जानिए कितनी हुई कुल मरीजों की संख्या

punjabkesari.in Tuesday, Jul 02, 2024 - 07:50 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के पुणे में 55 वर्षीय एक महिला के जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसी के साथ, शहर में इस घातक वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर सात हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तक पुणे में छह लोगों के जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी, जिनमें दो गर्भवती महिलाएं शामिल हैं।

पुणे नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि नवीनतम मामला कोथुर्ड के दाहनुकर कॉलोनी से है और पीड़ित महिला ने शरीर पर चकत्ता बनने और जोड़ों में दर्द होने की शिकायत की है। सोमवार को आई रिपोर्ट में उसके जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उन्होंने कहा कि महिला की सेहत ठीक है और उसे फिलहाल अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं है। अधिकारी के मुताबिक, जीका वायरस से संक्रमित दोनों महिलाओं की उम्र क्रमश: 28 और 35 साल है।

गर्भवती महिलाओं के जीका वायरस से संक्रमित होने पर उसके गर्भस्थ शिशु के मस्तिष्क का पूर्ण विकास नहीं होने के चलते सिर का आकार छोटा होने की आशंका रहती है। अधिकारियों ने बताया कि पुणे में जीका वायरस से संक्रमण का पहला मामला इरांडवने से तब आया, जब 46 वर्षीय एक चिकित्सक के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि डॉक्टर की 15 वर्षीय बेटी भी संक्रमित पाई गई है। जीका वायरस का संक्रमण संक्रमित एडिस मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर डेंगू और चिकनगुनिया के प्रसार के लिए भी जिम्मेदार है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News