यमुना के जलस्तर ने तोड़ा 45 साल का रिकॉर्ड, टेंशन में केजरीवाल सरकार, बुलाई इमरजेंसी मीटिंग

punjabkesari.in Wednesday, Jul 12, 2023 - 02:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में यमुना नदी के पानी के उच्चतम स्तर 207.55 मीटर पर पहुंच जाने के बाद बुधवार को एक आपात बैठक बुलाई है। बढ़ते जलस्तर से शहर में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि बैठक दिल्ली सचिवालय में होगी जिसमें सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

केन्द्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के जल निगरानी पोर्टल के मुताबिक पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर सुबह चार बजे 207 मीटर के निशान को पार कर गया, जो वर्ष 2013 के बाद पहली बार इस स्तर पर पहुंचा। दोपहर एक बजे जलस्तर 207.55 मीटर पर पहुंच गया, इससे पहले 1978 में नदी का जलस्तर 207.49 मीटर पहुंचने का रिकॉर्ड था। कृषि तथा बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बताया कि नदी में जलस्तर और बढ़ने के आसार हैं।

हम हालात पर नजर रख रहे हैं- जलमंत्री सौरभ भारद्धाज
दिल्ली में पिछले तीन दिन से यमुना में जलस्तर बढ़ रहा है। यह रविवार सुबह 11 बजे 203.14 मीटर से बढ़कर सोमवार शाम पांच बजे 205.4 मीटर हो गया। यह उम्मीद से 18 घंटे पहले खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया। दिल्ली के जलमंत्री सौरभ भारद्धाज ने मीडिया को बताया कि दिल्ली सरकार स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘‘हम हालात पर नजर रख रहे हैं और सभी कदम उठाए जा रहे हैं।''


 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News