World's Oldest Wine: यूरोप नहीं, इस देश में बनी थी सबसे पुरानी वाइन, Guinness World Record में भी दर्ज है नाम
punjabkesari.in Thursday, Dec 25, 2025 - 12:04 PM (IST)
World's First Wine : जब भी पुरानी और बेहतरीन वाइन (Wine) की बात होती है तो अक्सर फ्रांस या इटली जैसे यूरोपीय देशों का नाम जेहन में आता है लेकिन ऐतिहासिक और वैज्ञानिक तथ्य कुछ और ही कहानी बयां करते हैं। शोधकर्ताओं के अनुसार वाइन बनाने की कला का जन्म यूरोप में नहीं बल्कि जॉर्जिया (Georgia) में हुआ था। यहां वाइन बनाने की परंपरा करीब 8000 साल पुरानी है।
मिस्र के पिरामिडों से भी पुरानी परंपरा
जॉर्जिया में शराब उत्पादन के साक्ष्य लगभग 6000 ईसा पूर्व (6000 BC) के मिले हैं। इसका मतलब है कि जब मिस्र के पिरामिडों का वजूद भी नहीं था तब जॉर्जिया के लोग वाइन बना रहे थे। जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी के पास गडाच्रिली गोरा और शुलावेरिस गोरा नामक बस्तियों में खुदाई के दौरान मिट्टी के बर्तनों के प्राचीन टुकड़े मिले। इन बर्तनों की जांच में टार्टरिक एसिड (Tartaric Acid) पाया गया जो अंगूर और वाइन का मुख्य रासायनिक प्रमाण है। वैज्ञानिक जांच से पता चला कि ये अवशेष 5800 से 6000 ईसा पूर्व के हैं जिसने जॉर्जिया को दुनिया की सबसे पुरानी वाइन का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दिलाया।
यह भी पढ़ें: Swiggy Instamart का शौकीन कस्टमर! सालभर में खरीद डाले ₹1,06,398 के कंडोम, इतनी बार किए ऑर्डर
केव्वरी (Qvevri): मिट्टी के नीचे वाइन बनाने की अनोखी तकनीक
जॉर्जिया की वाइन बनाने की विधि आज भी उतनी ही पारंपरिक है जितनी हजारों साल पहले थी। यहां वाइन बनाने के लिए 'केव्वरी' (Qvevri) का उपयोग किया जाता है। यह मिट्टी का बना एक विशाल अंडे के आकार का बर्तन होता है। अंगूर के रस को छिलकों और बीजों के साथ इन बर्तनों में भरकर जमीन के नीचे गाड़ दिया जाता है। जमीन के अंदर का तापमान वाइन को प्राकृतिक रूप से फर्मेंट (किण्वन) करने और उसे संरक्षित रखने में मदद करता है। जॉर्जिया अपनी 'एम्बर' या ऑरेंज वाइन के लिए मशहूर है। सफेद अंगूरों को उनके छिलकों के साथ लंबे समय तक केव्वरी में रखने से वाइन का रंग नारंगी (Amber) हो जाता है। इसे वाइन का सबसे प्राचीन रूप माना जाता है।
अंगूरों का खजाना
जॉर्जिया में अंगूरों की विविधता किसी को भी हैरान कर सकती है। यहां स्थानीय अंगूरों की 525 से भी अधिक किस्में पाई जाती हैं। यह दुनिया में किसी भी एक छोटे भौगोलिक क्षेत्र में अंगूरों का सबसे बड़ा संग्रह है।



