Online निकाह करने के बाद फर्जी डॉक्यूमेंट से पाकिस्तान पहुंची सलमा...अब भारत लौटी तो IB ने लिया एक्शन

punjabkesari.in Thursday, Jul 25, 2024 - 10:01 AM (IST)

 नेशनल डेस्क: ठाणे की एक महिला को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पाकिस्तान जाने और ऑनलाइन निकाह करने के मामले में पुलिस और आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) द्वारा पूछताछ की जा रही है। महिला ने ऑनलाइन संपर्क के बाद एक पाकिस्तानी व्यक्ति से निकाह किया और वापस लौटने पर उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

बता दें कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट और वीजा प्राप्त कर अपनी दो बेटियों के साथ पाकिस्तान जाकर लौटने वाली सलमा खान (बदला हुआ नाम) ने माना कि वह करीब 2 महीने पहले पाकिस्तान में अपने पति के साथ थी।  ठाणे की वर्तकनगर पुलिस ने सलमा सहित उसका पैन और आधार कार्ड बनाने वाले युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।  
 
पुलिस का कहना है कि सलमा का पैन और आधार कार्ड बनाने वाले से भी पूछताछ की गई है। सूत्रो के मुताबिक, भारत के विदेश विभाग के किसी अधिकारी को सलमा के दस्तावेजों को लेकर कुछ आपत्तिजनक लगा, जिसके बाद मामला बाहर आया।

पुलिस के अनुसार, सलमा का दावा है कि उसने कोई फर्जी डॉक्यूमेंट नहीं बनाया है। सलमा ने बताया कि उसका 2012 में निकाह हुआ था और उसकी दो बेटियां हैं। उसका पति उसकी देखभाल नहीं करता था और न ही कोई काम करता था। इसके चलते उसने पति को छोड़ दिया था। पति को छोड़ने के बाद 2015 में उसने आधिकारिक रूप से नाम बदल लिया था और दूसरा नाम रख लिया। 

सलमा के मुताबिक, वह 2021 में सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान निवासी सलमान (बदला हुआ नाम) के संपर्क में आई थी। धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। दोनों वॉट्सऐप पर विडियो कॉल करते थे। कुछ समय बाद दोनों के परिजनों ने निकाह का फैसला किया। 

सलमा के मुताबिक, उसने 2023 में पासपोर्ट बनवाया और सलमा ने सलमान से फ़रवरी 2024 में ऑनलाइन निकाह किया था। सलमान ने इस निकाह को पाकिस्तान में रजिस्टर कराया। उसी आधार पर सलमा को उसके बच्चों के साथ जाने का वीजा 24 मई को मिला। इसके बाद वह 26 मई को दिल्ली पहुंची थी और 27 को पाकिस्तान में दाखिल हुई थी। सलमा के अनुसार, उसका पति सलमान रावलपिंडी के एक होटेल में काम करता है और दो महीने तक छुट्टी पर था। इस दौरान, वह उसके साथ पहले रावलपिंडी और फिर ऐबटाबाद में रही थी। 

जांच और सावधानी:
महिला के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस मामले में कोई राष्ट्रीय सुरक्षा का खतरा तो नहीं। 
यह घटना ऑनलाइन निकाह और अंतर्राष्ट्रीय विवाह से जुड़े खतरों और सुरक्षा चिंताओं को उजागर करती है।

पहले भी आए हैं ऐसे मामले:  
- पिछले साल नवंबर में राजस्थान के भीलवाड़ा की रहने वाली अंजू ने पाकिस्तान जाकर नसरुल्लाह से निकाह किया था।
- 2022 में नासिक की युवती दुबई और लीबिया होते पाकिस्तान गई थी और निकाह किया था। अगस्त 2023 में वह भारत लौट आई थी।
- पाकिस्तान के कराची की सीमा हैदर ऑनलाइन गेम के जरिए यूपी निवासी सचिन के संपर्क में आई थी और दोनो
ने शादी कर ली थी।
- दिसंबर 2023 में कराची की जबरिया खानम ने अमृतसर के समीर खान से निकाह किया था।


देश-दुनिया की खबरें पढ़ने के लिए पंजाब केसरी के व्हाट्सएप चैनल पर जुड़ें Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News