हैवानियत: देवी-देवताओं पर 'आपत्तिजनक' टिप्पणी का आरोप लगा महिला को पीटा, निर्वस्त्र कर चप्पलों की माला पहनाकर घुमाया
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 05:04 AM (IST)
ठाणे: महाराष्ट्र में ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में एक महिला की पिटाई करने और उसे निर्वस्त्र कर चप्पलों की माला पहनाकर घुमाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सेंट्रल थाने के वरिष्ठ निरीक्षक सुनील आवताडे के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार को हुई और इस अपराध में कथित तौर पर शामिल चार अन्य लोग फरार हैं और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने बताया, ''यह घटना मंदिर के दर्शन को लेकर हुई। महिला ने कथित तौर पर देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे लोगों का एक समूह भड़क गया। जांच के हिस्से के रूप में सोशल मीडिया पर कई बार पोस्ट किए गए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।'' अधिकारी ने बताया कि मामले के आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी देने और शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करने तथा अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया है।
