हैवानियत की हदें पारः शादी की 'मन्नत' के लिए मासूम की 'बलि', तांत्रिक के कहने पर 11 साल के बच्चे का रेता गला, आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 05:47 AM (IST)
नेशनल डेस्क: राजस्थान के पाली जिले के सोजत में एक ऐसी रूह कंपाने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। एक युवक ने अपनी शादी होने की मन्नत पूरी करने के लिए 11 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से 'नरबलि' दे दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा है और अब उस तांत्रिक की तलाश की जा रही है, जिसके उकसावे पर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
मदरसे से घर लौट रहे मासूम का अपहरण
घटना गुरुवार दोपहर की है जब 11 वर्षीय मासूम धवन मदरसे से पढ़कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर जंगल में तालाब की ओर ले गया। जंगल पहुँचने पर आरोपी ने बच्चे के हाथ-पांव बांध दिए और उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह चिल्ला न सके।
तंत्र-मंत्र के बाद उतारा मौत के घाट
आरोपी ने पहले मौके पर तंत्र-मंत्र की क्रिया की और फिर धारदार हथियार से मासूम का गला काट दिया। साक्ष्य मिटाने की कोशिश में पुलिस को शव के पास से एक टूटी हुई मटकी और पूजा-पाठ का अन्य सामान भी मिला है। हत्या के बाद आरोपी ने शातिर चाल चलते हुए खुद बच्चे के घर जाकर उसके दादा को शव पड़े होने की सूचना दी और जब परिजन पुलिस को बुलाने लगे तो वहां से फरार हो गया।
शादी की बाधा दूर करने के लिए फैलाया 'खून'
पुलिस की सख़्ती के आगे आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि लंबे समय से उसकी शादी नहीं हो रही थी और एक तांत्रिक ने उसे सलाह दी थी कि यदि वह 'नरबलि' देगा तो उसकी शादी की बाधा दूर हो जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
