कानूनी पेंच में फंसेंगे सांसद पप्पू यादव?, हिंदू भावना को ठेस पहुंचाने का आरोप... दिल्ली पुलिस के पास पहुंचा मामला

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 04:51 PM (IST)

नई दिल्ली: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के राम मंदिर चढ़ावे में कथित हेराफेरी को लेकर किए गए प्रदर्शन के एक दिन बाद भाजपा ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली भाजपा यूनिट के मुताबिक, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज शनिवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट डीसीपी ऑफिस पहुंचीं। वहां वे एक ज्ञापन सौंपीं, जिसमें आरोप लगाया गया है कि शुक्रवार को संसद के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाई।

संसद परिसर में शुक्रवार को प्रदर्शन

शुक्रवार को पप्पू यादव भगवा चोला पहनकर साधु के भेष में संसद परिसर पहुंचे थे। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में दिए गए चंदे-चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए धरना दिया। इस प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के सांसद, प्रियंका गांधी, डिंपल यादव और अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने पप्पू यादव को प्रतीकात्मक रूप से चंदा भी दिया और नारेबाजी की। कुछ सांसदों ने सांकेतिक तौर पर छीना-झपटी भी की। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने जमकर नारेबाजी की।

सदन में हंगामा

मानसून सत्र के 10वें दिन यह प्रदर्शन सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ हुआ था। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों को चेतावनी दी, लेकिन हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी। पप्पू यादव का आरोप है कि अयोध्या राम मंदिर में दिए गए चढ़ावे-चंदे में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर संसद में ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। लेकिन अब वे खुद घिरते नजर आ रहे हैं. दिल्ली भाजपा का कहना है कि इस पूरे प्रदर्शन में हिंदू भावनाओं का अपमान किया गया। इसी मुद्दे को लेकर बांसुरी स्वराज डीसीपी ऑफिस में ज्ञापन देने पहुंची हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Rana

Related News