दलितों के खिलाफ कथित टिप्पणी कर बुरे फंसे पूर्व BJP सांसद प्रताप सिम्हा, एक और FIR दर्ज हुई

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 03:47 PM (IST)

मैसूरु (कर्नाटक) : पुलिस ने बुधवार को बताया कि पूर्व BJP सांसद प्रताप सिम्हा के खिलाफ एक और FIR दर्ज की गई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने यहां गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दलित समुदाय के लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने बताया कि यह घटना 18 सितंबर को मैसूरु जिले के टी. नरसीपुरा शहर में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुई थी। 

यह नया मामला 22 सितंबर को टी. नरसीपुरा पुलिस स्टेशन में 'बी.आर. अंबेडकर क्षेम क्रीड़ा कला संघ' के अध्यक्ष की शिकायत पर दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि सिम्हा पर SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं और भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 356 (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता का आरोप है कि टी. नरसीपुरा पुलिस स्टेशन के सामने सार्वजनिक सड़क पर आयोजित विसर्जन जुलूस के दौरान सिम्हा ने सैकड़ों लोगों और मीडियाकर्मियों की मौजूदगी में 'बेहद अपमानजनक' और 'अपमानजनक भाषण' दिया। इसका मकसद दलित समुदाय के लोगों का 'सार्वजनिक रूप से अपमान करना' और उन्हें 'नीची नजर से दिखाना' था। 

FIR के मुताबिक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सिम्हा ने अपने भाषण के दौरान सीधे तौर पर दलित समुदाय के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया और सार्वजनिक रूप से उनका अपमान किया। FIR में सिम्हा पर जुलूस के दौरान एक इंस्पेक्टर को निशाना बनाकर अपमानजनक टिप्पणी करने और उनकी जाति का जिक्र करने का आरोप लगाया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हमें मिली शिकायत के आधार पर हमने कानून की उचित धाराओं के तहत FIR दर्ज की है और आगे की जांच चल रही है।' पिछले हफ़्ते, इसी टी. नरसीपुरा पुलिस स्टेशन में एक PSI की शिकायत पर एक अलग FIR दर्ज की गई थी। PSI ने आरोप लगाया था कि सिम्हा ने गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान माइक्रोफोन पर एक इंस्पेक्टर को निशाना बनाकर अपमानजनक टिप्पणी की थी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News