पत्नी ने नहीं रखा करवा चौथ का व्रत, नाराज पति पहुंचा थाने, बोला- ''नहीं की पूजा तो दे दूंगा तलाक''

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 01:32 PM (IST)

शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से करवा चौथ को लेकर एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक पति अपनी पत्नी के व्रत नहीं रखने से इतना नाराज हो गया कि उसने पुलिस थाने पहुंचकर पत्नी के खिलाफ शिकायत दे दी। पति की मांग है कि पत्नी भले ही पूरे दिन व्रत न रखे, लेकिन रात में चांद देखकर उसकी लंबी उम्र की कामना जरूर करे। मामला बदरवास थाना क्षेत्र के बिजरावन गांव का है। यहां रहने वाले 30 वर्षीय बारेलाल आदिवासी ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर अपनी पत्नी मिथिलेश आदिवासी की शिकायत की है।

चांद देखकर लंबी उम्र के लिए प्रार्थना

बारेलाल का कहना है कि उसकी पत्नी करवा चौथ का व्रत नहीं रख रही है। उसने पत्नी से कहा कि अगर वह पूरे दिन भूखी-प्यासी नहीं रहना चाहती, तो कम से कम रात में चांद देखकर उसकी लंबी उम्र के लिए प्रार्थना कर दे। हालांकि, पत्नी ने उसकी इस बात को भी मानने से इनकार कर दिया।

पत्नी पर लगाए आरोप

पति ने अपनी शिकायत में पत्नी पर बेवफाई करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पत्नी उसके लिए कोई मंगलकामना नहीं करती और उसके व्यवहार से उसे अपनी जान को खतरा महसूस हो रहा है। उसने पत्नी की नीयत पर भी सवाल उठाए हैं।

पूजा नहीं की तो दे देगा तलाक

पुलिस को दिए आवेदन में बारेलाल ने साफ कहा है कि अगर इस बार उसकी पत्नी ने करवा चौथ पर चांद देखकर उसकी लंबी उम्र की दुआ नहीं मांगी, तो वह उसे तलाक दे देगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News