खुद की किडनी देकर बचाया सुहाग, ICU में भर्ती पति को छलनी से देखा, अस्पताल में मनाया करवा चौथ

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 05:47 PM (IST)

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर से करवा चौथ पर पति-पत्नी के प्यार और समर्पण की एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां एक पत्नी ने अपने पति की जान बचाने के लिए उसे अपनी किडनी दान कर नई जिंदगी दी। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद पति अस्पताल के ICU में भर्ती है। ऐसे में पत्नी ने भी अस्पताल में ही करवा चौथ का व्रत रखा और पूजा के बाद छलनी से अपने पति का चेहरा देखा। इस पल को देखकर वहां मौजूद अस्पताल के कर्मचारी भी भावुक हो गए।

पत्नी ने दी पति को किडनी

जानकारी के मुताबिक, जबलपुर निवासी दीपक गुप्ता लंबे समय से किडनी की बीमारी से परेशान थे। पिछले दो साल से उनका डायलिसिस चल रहा था। डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी थी। पति की परेशानी देखते हुए उनकी पत्नी रश्मि गुप्ता ने अपनी किडनी दान करने का फैसला किया।

इसके बाद 24 अक्टूबर को दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी जरूरी मेडिकल जांच और प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 25 अक्टूबर को दीपक का किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, ऑपरेशन सफल रहा है और फिलहाल दीपक की हालत में सुधार हो रहा है। उनकी किडनी भी ठीक तरह से काम कर रही है। हालांकि, उन्हें अभी डॉक्टरों की निगरानी में ICU में रखा गया है।

अस्पताल में ही मनाया करवा चौथ 

किडनी दान करने के बाद रश्मि की तबीयत भी पूरी तरह ठीक नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने करवा चौथ का व्रत रखने का फैसला किया। पत्नी की इच्छा को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने उनके लिए पूजा की व्यवस्था की। रश्मि को व्हीलचेयर की मदद से पूजा स्थल तक लाया गया।

पूजा करने के बाद वह ICU के बाहर पहुंचीं और वहां भर्ती अपने पति को छलनी से देखा। पति की सलामती के लिए रखा गया यह व्रत और दोनों की एक-दूसरे के प्रति चिंता वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक पल बन गया।

पति-पत्नी ने एक साथ रखा उपवास

रश्मि ने बताया कि इस बार करवा चौथ उनके लिए बेहद खास है। संयोग से पहली बार ऐसा हुआ है कि वह और उनके पति दोनों एक साथ उपवास पर हैं। हालांकि, इस बार परिस्थितियां अलग हैं, क्योंकि दीपक का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है और उन्हें फिलहाल कुछ खाने-पीने की अनुमति नहीं है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News