भारत की आर्थिक ताकत को नजरअंदाज कर रहा APEC; 19 साल बाद भी नहीं दी सदस्यता, जानें संगठन में जगह न मिलने की असली वजह
punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 04:50 PM (IST)
Bejing: दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और वैश्विक विकास के प्रमुख केंद्रों में शामिल भारत को एशिया-प्रशांत के सबसे अहम आर्थिक मंचों में से एक APEC में अब तक जगह नहीं मिल पाई है। लेकिन इसकी वजह भारत की आर्थिक क्षमता या वैश्विक महत्व की कमी नहीं है। भारत 2007 में सदस्यता के लिए औपचारिक आवेदन कर चुका है, मगर करीब 19 साल बाद भी मामला आगे नहीं बढ़ा। दरअसल, APEC में 1998 से विस्तार ही नहीं हुआ है। सदस्य देशों के अपने आर्थिक और रणनीतिक हित, व्यापार नीतियों को लेकर मतभेद और आम सहमति की अनिवार्यता भारत की राह में बड़ी बाधाएं बनी हुई हैं। ऐसे में सवाल यह है कि जब भारत की वैश्विक आर्थिक भूमिका लगातार बढ़ रही है, तो APEC का विस्तार अब तक क्यों रुका हुआ है?
भारत की APEC सदस्यता की कोशिश के पीछे एक लंबा कूटनीतिक प्रयास रहा है। भारत ने 2007 में संगठन में शामिल होने के लिए औपचारिक आवेदन किया था। उस समय पूर्व विदेश सचिव श्याम सरन विशेष दूत के रूप में विभिन्न सदस्य देशों का समर्थन जुटाने में लगे थे। श्याम सरन के मुताबिक, अमेरिका भारत की सदस्यता का प्रमुख विरोधी रहा है। वाशिंगटन ने भारत के समर्थन को विश्व व्यापार संगठन में अमेरिकी रुख अपनाने और द्विपक्षीय व्यापार विवादों को सुलझाने जैसी शर्तों से जोड़ने की कोशिश की थी। भारत का तर्क था कि APEC व्यापार विवादों के निपटारे का मंच नहीं है। इस मतभेद के कारण सदस्यता की कोशिश आगे नहीं बढ़ सकी। 2015 में अमेरिकी अधिकारियों ने भी संकेत दिया था कि संगठन में नए सदस्यों को शामिल करने पर कोई सक्रिय चर्चा नहीं चल रही है।
1997 में भी भारत को नहीं मिल पाई थी जगह
APEC में भारत की सदस्यता का मामला पहली बार 2007 में नहीं उठा था। 1997 में वैंकूवर सम्मेलन के दौरान भी भारत ने संगठन में शामिल होने की कोशिश की थी। हालांकि, उस समय पेरू, रूस और वियतनाम को सदस्यता दी गई, जबकि भारत को जगह नहीं मिली। उस दौर में भारत की आर्थिक नीतियों, घरेलू उद्योगों को संरक्षण देने और मुक्त व्यापार के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद संगठन ने नए सदस्यों को शामिल करने पर 10 साल की रोक लगा दी। बाद में इस रोक को 2010 तक बढ़ा दिया गया। 2007 के सिडनी और 2010 के योकोहामा सम्मेलन में भी सदस्यता विस्तार पर कोई सहमति नहीं बन सकी। यही वजह है कि 1998 के बाद से APEC में एक भी नया सदस्य शामिल नहीं हुआ है।
भारत की व्यापार नीति को लेकर सवाल
भारत की सदस्यता के रास्ते में एक बड़ी चुनौती उसकी व्यापार नीति को लेकर कुछ देशों की चिंताएं भी हैं। APEC का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय व्यापार को आसान बनाना और आर्थिक उदारीकरण को बढ़ावा देना है। वहीं, भारत अपने घरेलू उद्योगों, किसानों और छोटे कारोबारियों के हितों को ध्यान में रखकर व्यापारिक फैसले करता है। क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक भागीदारी (RCEP) समझौते से भारत का अंतिम समय में बाहर निकलना भी इस संदर्भ में महत्वपूर्ण रहा। भारत को आशंका थी कि इस समझौते में शामिल होने से चीन के सस्ते उत्पादों का आयात बढ़ सकता है और घरेलू उद्योगों को नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि, पूर्व राजनयिक अनिल वाधवा का मानना है कि भारत को संरक्षणवादी देश के रूप में देखना उचित नहीं है। भारत कई देशों के साथ व्यापार समझौते कर रहा है और वैश्विक आर्थिक सहयोग में उसकी भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है।
भारत के आने से बदल सकता है APEC का समीकरण
भारत की संभावित सदस्यता को केवल आर्थिक विस्तार के रूप में नहीं, बल्कि क्षेत्रीय रणनीतिक संतुलन के नजरिये से भी देखा जाता है। कुछ सदस्य देशों को आशंका है कि भारत के शामिल होने से APEC का भौगोलिक और रणनीतिक फोकस प्रशांत क्षेत्र से आगे बढ़कर व्यापक एशियाई क्षेत्र की ओर हो सकता है। इसके अलावा संगठन में फैसले आम सहमति से लिए जाते हैं। ऐसे में कुछ देशों को लगता है कि भारत की व्यापार प्राथमिकताएं उदारीकरण से जुड़े फैसलों की गति को प्रभावित कर सकती हैं। दूसरी ओर, भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत, विशाल उपभोक्ता बाजार और वैश्विक आपूर्ति शृंखला में बढ़ती भूमिका उसे इस मंच के लिए महत्वपूर्ण संभावित भागीदार बनाती है।
क्या है APEC और क्यों है इतना अहम?
एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग संगठन (APEC) की स्थापना नवंबर 1989 में क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग और व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुई थी। इसकी शुरुआत 12 संस्थापक सदस्यों के साथ हुई थी। आज इसमें 21 सदस्य अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं। ये अर्थव्यवस्थाएं मिलकर दुनिया के सकल घरेलू उत्पाद में 60 प्रतिशत से अधिक, वैश्विक व्यापार में 50 प्रतिशत से ज्यादा और दुनिया की करीब 38 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं। APEC की खासियत यह है कि यह खुले संवाद, समान भागीदारी और आम सहमति के आधार पर काम करता है। इसके फैसले बाध्यकारी कानूनी संधियां नहीं होते, बल्कि सदस्य अर्थव्यवस्थाएं स्वेच्छा से प्रतिबद्धताओं को लागू करती हैं।
भारत की गैर-मौजूदगी से अधूरा क्षेत्रीय सहयोग
पूर्व विदेश सचिव श्याम सरन का मानना है कि बदलते वैश्विक आर्थिक और राजनीतिक परिदृश्य में APEC में भारत की भागीदारी का महत्व लगातार बढ़ रहा है।भारत आज वैश्विक व्यापार, निवेश, तकनीक और आपूर्ति शृंखला के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रहा है। ऐसे में एशिया-प्रशांत की आर्थिक रणनीति तैयार करने वाले मंच पर उसकी गैर-मौजूदगी एक महत्वपूर्ण सवाल है। फिलहाल APEC के सदस्य देशों के बीच विस्तार को लेकर सहमति नहीं है। ऐसे में भारत की सदस्यता का रास्ता केवल उसकी आर्थिक योग्यता से नहीं, बल्कि सदस्य देशों की राजनीतिक इच्छाशक्ति और आपसी सहमति से खुलेगा।
