कौन हैं मशहूर पंजाबी सिंगर Rajvir Jawanda? जो भयानक एक्सीडेंट के बाद वेंटिलेटर पर लड़ रहे मौत से जंग
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 01:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क। पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर गायक राजवीर जवंदा एक भयानक सड़क हादसे में बुरी तरह घायल होने के बाद वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। डॉक्टर्स ने उनकी हालत नाजुक बताई है। आइए आपको बताते हैं कि कौन है यह मशहूर सिंगर जो भयानक एक्सीडेंट के बाद वेंटिलेटर पर मौत से जंग लड़ रहें हैं।
कैसे हुआ हादसा और सिंगर की हालत?
हादसा तब हुआ जब राजवीर अपनी बाइक से बद्दी से शिमला जा रहे थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तुरंत मोहाली के फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
गंभीर चोटें: डॉक्टर्स के अनुसार राजवीर के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं।
दिल का दौरा: वेंटिलेटर पर ले जाने से ठीक पहले सिंगर को दिल का दौरा भी पड़ा था जिसने उनकी हालत और बिगाड़ दी है।
अस्पताल का बयान: फोर्टिस हॉस्पिटल के डॉक्टर्स ने बयान जारी कर पुष्टि की है कि राजवीर जवंदा फिलहाल वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है।
कौन हैं राजवीर जवंदा जिन्होंने दी पंजाबी इंडस्ट्री को पहचान?
राजवीर जवंदा पंजाबी इंडस्ट्री में एक जाना-माना नाम हैं जिन्हें उनके दमदार गायन और अभिनय के लिए जाना जाता है।
शुरुआत और प्रेरणा: लुधियाना में जन्मे राजवीर को बचपन से ही गाना गाने का शौक था। उन्हें मशहूर गायक गुरदास मान के गानों से सिंगर बनने की प्रेरणा मिली थी।
पहचान: राजवीर को उनके हिट गाने 'काली जवंदे दी' से जबरदस्त शोहरत मिली थी।
हिट गाने: उन्होंने 'मुकाबला', 'सरनेम', 'पटियाला शाही पग' और 'लैंडलॉर्ड' जैसे कई सुपरहिट गाने दिए हैं। गायकी के साथ-साथ वह पंजाबी फिल्मों में एक्टर और राइटर के तौर पर भी सक्रिय हैं।
फैंस और हस्तियों ने मांगी दुआएं
राजवीर के एक्सीडेंट की खबर से उनके फैंस और पूरी पंजाबी इंडस्ट्री सदमे में है। सोशल मीडिया पर उनके जल्द ठीक होने के लिए लगातार दुआएं की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: Back Pain In Men: सावधान! पुरुषों में कमर का पुराना दर्द हो सकता है इस गंभीर कैंसर का संकेत
सिंगर्स हॉस्पिटल पहुंचे: जस बाजवा, गिप्पी ग्रेवाल, कंवर ग्रेवाल और कुलविंदर बिल्ला जैसे कई बड़े पंजाबी सिंगर्स उनका हालचाल जानने के लिए फोर्टिस हॉस्पिटल पहुंचे।
सीएम मान ने जताया दुख
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर राजवीर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उनके साथ-साथ पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी घटना पर दुख जताया है।